स्कूल बस और कार की टक्कर, 2 युवकों की मौत, कई छात्र घायल

रेवाड़ी जिले के बावल क्षेत्र में स्कूल बस और कार की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि कई स्कूली बच्चे घायल हुए हैं।

स्कूल बस और कार की टक्कर, 2 युवकों की मौत, कई छात्र घायल

स्कूल बस और कार की आमने-सामने टक्कर, कार सवार दो युवकों की मौके पर मौत
टक्कर के बाद बस पेड़ से टकराई, चालक समेत कई स्कूली बच्चे घायल
तेज रफ्तार को हादसे की शुरुआती वजह मान रही पुलिस, जांच जारी



हरियाणा के रेवाड़ी जिले में मंगलवार दोपहर बाद एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बावल क्षेत्र के अंतर्गत मोहनपुर गांव के पास स्कूल बस और कार की आमने-सामने टक्कर में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार कई स्कूली बच्चे घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

जानकारी के अनुसार, ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल की बस बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही एक कार से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस कार से टकराने के बाद पास ही एक पेड़ से जा टकराई। हादसे में बस चालक भी घायल हो गया। टक्कर के बाद मौके पर बच्चों की चीख-पुकार मच गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

कार से टकराने के बाद स्कूल बस पेड़ से टकरा गई।

स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला और तुरंत घायलों को रेवाड़ी के मातृका अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक भी मौके पर पहुंच गए, जिनमें अपने बच्चों को लेकर भारी चिंता और घबराहट देखी गई।

इस हादसे में कार सवार दोनों मृतकों की पहचान जेतड़वास गांव निवासी करीब 25 वर्षीय जितेंद्र और सचिन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक कार में सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके चलते शवों को निकालने के लिए कार की बॉडी को काटना पड़ा।

हादसे के बाद मौके पर जांच करते पुलिस कर्मी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।