हरियाणा में बस पलटी, 35 सवार बाल -बाल बचे, तीन घायल
खरखौदा के गांव रोहट में सहकारी परिवहन समिति की बस संतुलन बिगड़ने से पलट गई। बस इको गाड़ी से टकराई। इको चालक सहित तीन यात्री घायल हुए। बड़ा हादसा टल गया।
- सहकारी परिवहन समिति की बस संतुलन बिगड़ने से पलटी
- विपरीत दिशा में जाकर इको से टकराई, फिर सड़क पर गिरी
- इको चालक सहित तीन यात्री घायल, बड़ा हादसा टला
खरखौदा के गांव रोहट में रविवार शाम बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बहादुरगढ़-खरखौदा से सोनीपत जा रही सहकारी परिवहन समिति की बस सरकारी स्कूल के सामने संतुलन बिगड़ने से पलट गई। बस में 35 से 40 यात्री सवार थे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे से पहले बस विपरीत दिशा में चली गई और सामने से आ रही इको गाड़ी से जा टकराई। टक्कर के बाद बस सड़क पर ही पलट गई। गनीमत यह रही कि बस सड़क के साथ बने तालाब में नहीं गिरी, वरना जानमाल का बड़ा नुकसान हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गांव रोहट में सरकारी स्कूल के सामने बने कई ब्रेकरों पर बस चालक का नियंत्रण हट गया। अचानक हुई टक्कर और बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद राहगीरों और ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
हादसे में इको चालक सहित तीन यात्री घायल हो गए। घायलों की पहचान गांव सिलाना निवासी सोमबीर और नवनीत तथा सोनीपत निवासी शारदा के रूप में हुई है। सभी घायलों को खरखौदा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया गया।
हादसे के बाद सड़क पर यातायात बाधित हो गया। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर की मदद से क्षतिग्रस्त बस और इको गाड़ी को सड़क किनारे हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Author1