कर्नाटक से अरेस्ट हुए बॉडीबिल्डर मर्डर केस में 2 आरोपी :DGP ने शेयर की पोस्ट में लिखा- सालों तक जेल में सड़ेंगे; धनखड़ खाप की महापंचायत आज

अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रोहित धनखड़ हत्याकांड में पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया। डीजीपी ओपी सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि की।

कर्नाटक से अरेस्ट हुए  बॉडीबिल्डर मर्डर केस में 2 आरोपी :DGP ने शेयर की पोस्ट में लिखा- सालों तक जेल में सड़ेंगे; धनखड़ खाप की महापंचायत आज


• रोहित धनखड़ हत्याकांड में पुलिस ने दो मुख्य आरोपी बेंगलुरु से किए गिरफ्तार
• डीजीपी ओपी सिंह ने सोशल मीडिया पर गिरफ्तारी की पुष्टि की
• धनखड़ खाप की महापंचायत से पहले पुलिस को बड़ी सफलता



रोहतक के गांव हमायुंपुर निवासी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और छह बार के नेशनल गोल्ड मेडलिस्ट रोहित धनखड़ की भिवानी में हुई निर्मम हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। इस केस में फरार चल रहे दो मुख्य आरोपियों को पुलिस ने कर्नाटक के बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई धनखड़ खाप की प्रस्तावित महापंचायत से ठीक पहले सामने आई है।

हरियाणा के डीजीपी ओपी सिंह ने खुद इस गिरफ्तारी की जानकारी अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर साझा की। उन्होंने लिखा कि दो मुख्य हत्यारों को बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लिया गया है और इस सफलता के लिए सीआईए भिवानी की टीम को बधाई दी। डीजीपी ने यह भी कहा कि शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और सभी को लंबे समय तक जेल में रहना पड़ेगा।

उधर, रोहित धनखड़ की हत्या को लेकर आज धनखड़ खाप की महापंचायत प्रस्तावित थी। इस पंचायत में धनखड़ खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष रणबीर सिंह के नेतृत्व में हरियाणा सहित चार राज्यों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की जानकारी थी। पंचायत में अब तक हत्यारों की गिरफ्तारी न होने और आगे की रणनीति को लेकर चर्चा होनी थी, लेकिन उससे पहले ही पुलिस की इस कार्रवाई ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है।

गांव हमायुंपुर में पंचायत के दौरान एकत्रित होते खाप प्रतिनिधि।

जानकारी के अनुसार, 28 नवंबर को रोहित धनखड़ अपने दोस्त जतिन के साथ भिवानी गया था। जतिन गांव बौंदकला का रहने वाला है और वह अपनी बहन की ननद की शादी में शगुन डालने पहुंचा था। शादी समारोह के दौरान तिगड़ाना गांव से आई बारात के कुछ युवकों से कहासुनी हो गई थी।

गांव हमायुंपुर में पंचायत के दौरान धनखड़ खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष रणबीर सिंह।

बताया जा रहा है कि बाद में उन्हीं युवकों ने रास्ता रोककर रोहित धनखड़ के साथ बेरहमी से मारपीट की थी। मारपीट के दौरान रोहित को गंभीर चोटें आईं और वह अधमरा हो गया था। इसके बाद उसे इलाज के लिए पीजीआई में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी।

इस घटना के बाद से पूरे प्रदेश में रोष का माहौल था। एक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी की हत्या को लेकर खापों और सामाजिक संगठनों में गहरा आक्रोश देखने को मिला। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।