हरियाणा में हादसा: खड़े ट्रक में घुसी कार, तीन लोगों की मौके पर मौ*त

हरियाणा के रोहतक में 152D फ्लाईओवर पर बड़ा सड़क हादसा हुआ। जयपुर से लौटते वक्त खड़े ट्रक में कार जा घुसी। हादसे में तीन लोगों की मौके पर मौत और एक घायल।

हरियाणा में  हादसा: खड़े ट्रक में घुसी कार, तीन लोगों की मौके पर मौ*त

  • रोहतक के 152D फ्लाईओवर पर बड़ा सड़क हादसा

  • रिश्तेदार की डेड बॉडी लेकर लौट रहे थे सभी लोग

  • कार ने सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से मारी टक्कर


रोहतक। हरियाणा के रोहतक में शुक्रवार सुबह 152D फ्लाईओवर पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से एक कार जा टकराई। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को बमुश्किल बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए डेड हाउस भेज दिया।

मृतकों की पहचान 24 वर्षीय किरत पुत्र सुरेंद्र, निवासी गांव भागखेड़ा जिला जींद, 61 वर्षीय कृष्णा पत्नी रामधन, निवासी भागखेड़ा जींद, और 27 वर्षीय सचिन पुत्र दलबीर, निवासी गांव जागसी जिला सोनीपत के रूप में हुई है। सभी जयपुर से अपने रिश्तेदार की डेड बॉडी लेकर घर लौट रहे थे। एम्बुलेंस आगे चल रही थी और पीछे यह कार थी। सुबह जैसे ही यह कार 152D फ्लाईओवर पर पहुंची, सड़क किनारे खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर शवों को बाहर निकाला। मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि हादसे की जांच की जा रही है और ट्रक चालक का भी पता लगाया जा रहा है। हादसे के बाद इलाके में कुछ समय के लिए जाम की स्थिति भी बनी रही।