रिश्वत लेते बिजली विभाग के JE और लाइनमैन गिरफ्तार, जानें कितने में हुआ था सौदा
रोहतक में एंटी करप्शन ब्यूरो ने बिजली विभाग के जेई और लाइनमैन को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया। बिजली चोरी मामले में कार्रवाई न करने के बदले 25 हजार रुपये मांगे गए थे।
- रोहतक में एसीबी ने रिश्वत लेते JE और लाइनमैन को पकड़ा
- बिजली चोरी के मामले में कार्रवाई के बदले मांगी गई थी रिश्वत
- 25 हजार रुपये में सौदा तय होने की शिकायत पर कार्रवाई
रोहतक में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के एक जेई और एक लाइनमैन को रिश्वत लेने के आरोप में काबू किया है। एसीबी टीम ने जेई रामकला और लाइनमैन राजेश को हिरासत में लेकर अपने साथ ले गई और दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बिजली विभाग के जेई रामकला ने 8 जून को भिवानी चुंगी स्थित शेर विहार कॉलोनी में संजय सैनी के मकान में बिजली चोरी की जांच की थी। जांच के दौरान बिजली चोरी की पुष्टि हुई थी। नियमानुसार कार्रवाई करने के बजाय जेई और लाइनमैन ने मकान मालिक से रिश्वत की मांग की।
मामले में आरोप है कि दोनों आरोपियों ने बिजली चोरी के मामले में कार्रवाई न करने के बदले संजय सैनी से 25 हजार रुपये की मांग की। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो ने जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को रिश्वत के मामले में काबू किया।
एसीबी टीम दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
Akhil Mahajan