रोहतक में बीच-बचाव करने आए युवक की हत्या, गांव में तनाव बाइक हटाने के विवाद में युवक को पीट-पीटकर मार डाला
रोहतक के बनियानी गांव में बाइक हटाने के विवाद में बीच-बचाव करने आए 27 वर्षीय विक्रम उर्फ कल्लू की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव है और पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
■ रोहतक के बनियानी गांव में युवक की पीट-पीटकर हत्या
■ बाइक हटाने के विवाद में बीच-बचाव करने आया था विक्रम उर्फ कल्लू
■ गांव में तनाव, ASP और दो थानों की पुलिस तैनात; 11 लोगों पर केस
रोहतक जिले के बनियानी गांव में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बाइक हटाने को लेकर शुरू हुए झगड़े में बीच-बचाव करने आए 27 वर्षीय विक्रम उर्फ कल्लू की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। युवक की मौत के बाद गांव में माहौल तनावपूर्ण हो गया है। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। मौके पर ASP प्रतीक अग्रवाल समेत दो थानों के SHO और पुलिस बल तैनात किया गया है।
शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। गांव में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पंचायत चल रही है, जिस पर पुलिस लगातार नजर बनाए हुए है। पुलिस ने इस मामले में एक ही परिवार के सदस्यों सहित 11 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है और कुछ संदिग्धों को हिरासत में भी लिया है।
बाइक हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, 4 मार्च को फाग के दिन गांव बनियानी निवासी साहिल अपने दोस्त सतीश के साथ पटवापुर से होली खेलकर लौट रहा था। रास्ते में निशांत की बाइक खड़ी थी। साहिल ने बाइक हटाने को कहा तो दोनों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद निशांत के पिता ओमप्रकाश, मां और करीब आठ अन्य लोग लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और तेजधार हथियार लेकर मौके पर पहुंच गए और मारपीट शुरू कर दी।
झगड़ा छुड़वाने आया युवक बना निशाना
गांव में हो रही मारपीट देख विक्रम उर्फ कल्लू और बंटी उर्फ मोंटी बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोपियों ने उन्हें भी निशाना बना लिया और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में विक्रम, बंटी और अशोक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
PGI में इलाज के दौरान तोड़ा दम
घायलों में विक्रम की हालत सबसे ज्यादा गंभीर थी। उसे रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया, जहां गुरुवार रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
गांव में पंचायत, पुलिस की निगरानी
युवक की मौत के बाद गांव बनियानी में तनाव बढ़ गया। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों की पंचायत चल रही है। मौके पर कलानौर थाना प्रभारी सतपाल और रोहतक सिटी थाना प्रभारी रमेश पुलिस बल के साथ मौजूद हैं और ग्रामीणों को मामले की प्रगति की जानकारी दे रहे हैं।
कलानौर थाना में साहिल की शिकायत पर पुलिस ने निशांत, उसके माता-पिता और अन्य सहयोगियों सहित 11 लोगों के खिलाफ हत्या, मारपीट और धमकी देने की धाराओं में FIR दर्ज की है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें छापेमारी कर रही हैं।
परिवार का इकलौता सहारा था विक्रम
27 वर्षीय विक्रम परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसके परिवार में दो भाई और एक बहन है। बहन की शादी हो चुकी है, जबकि बड़ा भाई मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है। विक्रम रोहद की एक फैक्ट्री में काम करता था और उसी की कमाई से घर चलता था।
परिवार के लोग उसकी शादी की तैयारी कर रहे थे, लेकिन अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। अब विक्रम की मौत के बाद परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
shubham