विदेश में बैठे गैंगस्टर के लिए हथियार सप्लाई करने वाले दो युवक 15 पिस्टल और 34 कारतूस के साथ गिरफ्तार
रोहतक पुलिस ने विदेशी गैंगस्टर के लिए हथियार सप्लाई करने वाले पानीपत और कुरुक्षेत्र के दो युवकों को 15 पिस्टल और 34 कारतूस के साथ गिरफ्तार किया।
विदेश में बैठे गैंगस्टर के लिए हथियार सप्लाई करने वाले दो युवक गिरफ्तार
रोहतक पुलिस ने 15 पिस्टल, 34 जिंदा कारतूस और 3 मोबाइल किए बरामद
पानीपत और कुरुक्षेत्र के आरोपी, बिंदर गुजर और भाऊ गैंग से जुड़े
रोहतक पुलिस को अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता मिली है। सीआईए-2 स्टाफ की टीम ने गश्त के दौरान रोहतक-झज्जर रोड के पास दो युवकों को अवैध हथियारों की बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी विदेश में बैठे गैंगस्टर के गुर्गों को हथियार सप्लाई करने जा रहे थे।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर हथियार लेकर किसी आपराधिक गिरोह तक पहुंचाने वाले हैं। सूचना मिलते ही सीआईए-2 टीम ने रणनीति बनाकर घेराबंदी की और दोनों को मौके से काबू कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमन उर्फ कलसी, निवासी शाहबाद कुरुक्षेत्र, और रविन्द्र उर्फ बिन्द्र, निवासी पानीपत के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान रमन के बैग से 9 देसी पिस्तौल और 23 जिंदा कारतूस, जबकि रविन्द्र के पास से 6 पिस्तौल और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन मोबाइलों के जरिए आरोपी विदेश में बैठे बदमाशों से संपर्क में थे। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी बिंदर गुजर गैंग से जुड़े थे और भाऊ गैंग के लिए हथियार सप्लाई कर रहे थे।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना शिवाजी कॉलोनी में शस्त्र अधिनियम के तहत अभियोग संख्या 44/2026 दर्ज किया है। आरोपी रमन की उम्र 23 वर्ष है और वह बारहवीं पास है, जिस पर पहले भी झगड़े का मामला दर्ज है। वहीं रविन्द्र की उम्र 27 वर्ष है और वह दसवीं पास है। दोनों आरोपी पानीपत के कपड़े के गोदाम में काम करते थे।
पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र भौरिया ने बताया कि यह गिरफ्तारी संगठित अपराध के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में बड़ी उपलब्धि है। आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी की जाएगी।
Akhil Mahajan