लव अफेयर की आग में जला पोलंगी गांव, दो सगे भाइयों की बेरहमी से हत्या
रोहतक के गांव पोलंगी में दो सगे भाइयों की लाठी-डंडों और ईंटों से हत्या कर दी गई। छोटा भाई और एक युवती लापता हैं। पुलिस प्रेम प्रसंग के एंगल से मामले की जांच कर रही है।
➤ बंद मकान में मिले दोनों भाइयों के शव, लाठी-डंडों और ईंटों से वार
➤ चेहरे पर गहरे घाव, एफएसएल टीम ने जुटाए अहम साक्ष्य
➤ छोटा भाई और युवती लापता, प्रेम प्रसंग से जुड़ रहा मामला
हरियाणा के रोहतक जिले के आईएमटी थाना क्षेत्र के गांव पोलंगी में शुक्रवार दोपहर सनसनी फैल गई, जब एक बंद पड़े मकान से दो सगे भाइयों के क्षत-विक्षत शव बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों की लाठी-डंडों और ईंटों से हमला कर हत्या की गई। चेहरे पर गहरे और काटने जैसे घाव मिले हैं। पुलिस प्रेम प्रसंग के एंगल से इस दोहरे हत्याकांड की जांच कर रही है।
मृतकों की पहचान कर्मबीर उर्फ बुल्ला और उसके भाई कुलदीप के रूप में हुई है। दोनों की उम्र 50 वर्ष से अधिक बताई जा रही है। सूचना मिलते ही आईएमटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मकान को सील कर दिया गया है।
गांव के बाहर बना मकान, दोपहर में मिली सूचना
पुलिस के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे सूचना मिली कि गांव के बाहरी हिस्से में बने एक मकान में दो लोगों के शव पड़े हैं। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि दोनों के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है कि दोनों भाई वहां कब पहुंचे और उनके साथ कौन था।
छोटा भाई और युवती लापता
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतकों का छोटा भाई नन्हा गुरुवार शाम से लापता है। गांव की एक युवती भी उसी दिन से गायब बताई गई है। युवती पक्ष की ओर से आरोप है कि नन्हा युवती को भगा कर ले गया। इसी को लेकर गुरुवार शाम युवती पक्ष के लोग कर्मबीर और कुलदीप के घर उलाहना देने पहुंचे थे। दोनों पक्षों में कहासुनी और झगड़ा भी हुआ था। आरोप है कि उस दौरान धमकी भी दी गई थी।
पुलिस अब इसी विवाद को दोहरे हत्याकांड से जोड़कर देख रही है। युवती पक्ष से पूछताछ की जा रही है और लापता छोटे भाई की तलाश की जा रही है।
छह भाई थे, अब दो की हत्या
परिवार में कुल छह भाई बताए जाते हैं, जिनमें से तीन की पहले ही मौत हो चुकी है। शुक्रवार को दो भाइयों की हत्या हो गई, जबकि एक भाई गांव से बाहर रहता है। उसे घटना की सूचना दे दी गई है।
तीन टीमें जांच में जुटीं
मामले की गंभीरता को देखते हुए आईएमटी थाना पुलिस, सीआईए-2 और एफएसएल की तीन टीमें जांच में लगी हैं। एसएचओ बिजेंद्र सिंह के अनुसार प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है, लेकिन सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
Akhil Mahajan