रोहतक में लाइसेंसी रिवॉल्वर से छात्र का सुसाइड, इलाके में मचा हड़कंप
रोहतक के सेक्टर-33A में 9वीं कक्षा के 14 वर्षीय छात्र जनक ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस और एफएसएल टीम मामले की जांच में जुटी है।
➤ रोहतक में 9वीं के छात्र ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारी
➤ स्टोर रूम में हुई घटना, मौके पर ही हुई मौत
➤ परिवार का इकलौता बेटा था 14 वर्षीय जनक
रोहतक के सेक्टर-33A आईएमटी थाना क्षेत्र में 9वीं कक्षा के एक छात्र ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही आईएमटी थाना पुलिस, एसपी और एफएसएल एक्सपर्ट टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए डेड हाउस में रखवा दिया है।
मृतक की पहचान 14 वर्षीय जनक के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गांव डीघल का रहने वाला था और हाल ही में परिवार के साथ सेक्टर-33A में रह रहा था। परिजनों के अनुसार जनक स्टोर रूम में गया और वहां लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। गोली लगते ही उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार का इकलौता बेटा था जनक
बताया जा रहा है कि जनक अपने परिवार का इकलौता बेटा था और 9वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा था। अचानक इस घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों को अब तक समझ नहीं आ रहा कि आखिर जनक ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।
घटना की सूचना मिलने के बाद गांव डीघल में भी शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार परिवार के घर पहुंचने लगे।
पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी गौरव राजपुरोहित खुद मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार परिवार संयुक्त रूप से रहता है। मृतक के चाचा राजेश सेना से रिटायर्ड हैं, जबकि दूसरे चाचा दीपक प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Akhil Mahajan 