साक्षी मलिक उतरीं विनेश फोगाट के समर्थन में, WFI पर लगाए आरोप
साक्षी मलिक ने विनेश फोगाट के समर्थन में WFI पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे नियम बनाए जा रहे हैं, जिससे विनेश की वापसी मुश्किल हो जाए।
साक्षी मलिक ने विनेश फोगाट के समर्थन में उठाई आवाज
WFI पर लगाए खिलाड़ियों के खिलाफ नियम बदलने के आरोप
विनेश और WFI के बीच विवाद लगातार गहराता जा रहा
भारतीय महिला पहलवान Sakshi Malik ने रेसलर Vinesh Phogat के समर्थन में खुलकर आवाज उठाई है। भारतीय कुश्ती महासंघ यानी WFI और विनेश फोगाट के बीच चल रहे विवाद के बीच साक्षी मलिक ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर फेडरेशन पर गंभीर सवाल खड़े किए।
साक्षी मलिक ने कहा कि दूसरे देशों की स्पोर्ट्स फेडरेशन अपने खिलाड़ियों के लिए नियम आसान बनाती हैं, ताकि महिलाएं मां बनने के बाद भी खेल में वापसी कर सकें और देश के लिए मेडल जीत सकें। उन्होंने आरोप लगाया कि हमारी WFI मैच से कुछ दिन पहले ऐसे नियम लागू कर देती है, जिससे विनेश फोगाट जैसी खिलाड़ी वापसी न कर पाएं।
उन्होंने प्रधानमंत्री, खेल मंत्री और WFI से अपील करते हुए कहा कि विनेश फोगाट का ट्रायल लिया जाना चाहिए। साक्षी ने कहा कि विनेश देश के लिए मेडल जीत सकती हैं और यह एक उदाहरण होगा कि भारत में भी महिलाएं मां बनने के बाद खेलों में वापसी कर सकती हैं।
दरअसल, विनेश फोगाट और WFI के बीच विवाद 4 मई से शुरू हुआ। इंटरनेशनल टेस्टिंग एजेंसी (ITA) ने विनेश को डोपिंग टेस्ट में शामिल न होने पर नोटिस जारी किया था। एजेंसी का कहना था कि 18 दिसंबर 2025 को बेंगलुरु में आयोजित डोप टेस्ट में वह शामिल नहीं हुईं।
हालांकि विनेश फोगाट ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने 19 जनवरी 2026 को ITA को पहले ही सूचित कर दिया था कि वह विधानसभा के शीतकालीन सत्र के चलते बेंगलुरु से चंडीगढ़ जा रही थीं। उन्होंने कहा कि व्यस्तता के कारण लोकेशन अपडेट नहीं हो पाई थी।
इसके बाद 9 मई को WFI ने विनेश को कारण बताओ नोटिस जारी किया। 15 पन्नों के नोटिस में कहा गया कि उन्होंने संन्यास से वापसी के लिए छह महीने पहले सूचना नहीं दी, जो WFI संविधान, यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (UWW) नियमों और एंटी-डोपिंग प्रावधानों का उल्लंघन है। इसी आधार पर उन्हें 26 जून तक घरेलू प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने से रोक दिया गया।
11 मई को विनेश फोगाट ने WFI के नोटिस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनकी लीव को गलत तरीके से समझा गया है। उन्होंने दावा किया कि ITA ने उन्हें 1 जनवरी से खेलने की अनुमति दे दी थी और वह 14 दिन के भीतर सबूतों के साथ जवाब देंगी।
इसी दिन विनेश उत्तर प्रदेश के गोंडा में आयोजित ओपन कुश्ती टूर्नामेंट में पहुंचीं। वहां उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें न तो नाम चेक कराने दिया गया और न ही ट्रेनिंग करने दी गई। उन्होंने कहा कि वह कोई विशेष सुविधा नहीं चाहतीं, सिर्फ बराबरी का मौका चाहती हैं।
वहीं WFI ने प्रेस रिलीज जारी कर कहा कि विनेश को पूरी सुरक्षा दी गई थी और अधिकारियों ने उन्हें नियमों के तहत प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लेने की जानकारी दी थी। फेडरेशन ने कहा कि सभी खिलाड़ियों के साथ समान व्यवहार किया जाता है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी विनेश फोगाट ने WFI के पूर्व अध्यक्ष Brij Bhushan Sharan Singh पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि वह भी उन खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने शोषण की शिकायत दर्ज कराई थी।
pooja