समालखा में छात्रों ने ली नशा मुक्त भारत की शपथ
समालखा में गवर्नमेंट स्कूल में छात्रों को नशे के दुष्परिणाम बताए गए और नशा न करने की शपथ दिलाई गई। पुलिस के निर्देशन में नशा करने वालों का सरकारी अस्पताल पानीपत में मुफ्त इलाज किया जा रहा है।
➤ समालखा में चला नशा मुक्ति अभियान
➤ छात्रों को दिलाई गई नशा न करने की शपथ
➤ युवाओं को मुफ्त इलाज की सुविधा उपलब्ध
अशोक शर्मा, समालखा
पानीपत जिले के समालखा क्षेत्र में सोमवार को गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल बुआना लाखू, इसराना में नशा मुक्ति अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई और जीवन में कभी भी नशा न करने की शपथ दिलवाई गई।
यह अभियान पानीपत पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाया जा रहा है, जिसकी निगरानी डीएसपी समालखा कर रहे हैं। नशे के आदी व्यक्तियों का सरकारी अस्पताल पानीपत में मुफ्त इलाज करवाया जा रहा है, ताकि उन्हें स्वस्थ जीवन की ओर वापस लाया जा सके।
कार्यक्रम में मौजूद एएसआई जगपाल ने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति के कारण युवा वर्ग तेजी से मानसिक बीमारियों की चपेट में आ रहा है। उन्होंने बच्चों से कहा कि बदलाव हमेशा भीतर से शुरू होता है। यदि हम खुद, अपना परिवार और समाज को नशे से दूर रखें तो ही नशा मुक्त भारत अभियान सफल हो सकता है।
छात्रों ने शपथ ली कि वे अपने समुदाय, परिवार, दोस्तों और स्वयं को नशे से दूर रखेंगे और समाज को इस बुराई से मुक्त बनाने का प्रयास करेंगे।
Akhil Mahajan