संजय सिंह बोले- 'अभी तो एक थप्पड़ पड़ा', नड्डा जी अपनी सांसद को समझाइए

राज्यसभा में संजय सिंह ने कंगना रनोट के बयानों पर निशाना साधते हुए जेपी नड्डा से अपनी सांसद को समझाने की अपील की। उन्होंने थप्पड़ वाली घटना और 'जनरेशन गटर' विवाद का भी जिक्र किया।

संजय सिंह बोले- 'अभी तो एक थप्पड़ पड़ा', नड्डा जी अपनी सांसद को समझाइए

राज्यसभा में संजय सिंह ने कंगना रनोट का नाम लिए बिना उनके बयानों पर निशाना साधा
जेपी नड्डा से सांसद को समझाने की अपील, किसान आंदोलन और युवाओं पर टिप्पणी का किया जिक्र
कंगना के 'जनरेशन गटर' बयान पर भी उठे सवाल, सोनू सूद ने भी जताई आपत्ति


संसद के मानसून सत्र के दौरान गुरुवार को आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भाजपा सांसद कंगना रनोट का नाम लिए बिना उन पर तीखा हमला बोला। सदन में बोलते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा की एक सांसद ने किसान आंदोलन के दौरान किसानों का अपमान किया, युवाओं के आंदोलन पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और देश की बेटियों के चरित्र पर सवाल उठाए। उन्होंने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से अपनी सांसद को समझाने की अपील भी की।

'अभी तो उसको एक थप्पड़ पड़ा', सदन में दिया बयान

अपने संबोधन के दौरान संजय सिंह ने कहा, "अभी तो उसको एक थप्पड़ पड़ा। सिर्फ पांच उंगलियों के निशान पड़े थे। ऐसी बात करोगे... तो तुम्हारी सरकार को इस देश का नौजवान... पकड़ के गटर में डालने का काम करेगा।"

उन्होंने यह टिप्पणी उस संदर्भ में की, जब 6 जून 2024 को चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर CISF की महिला कांस्टेबल कुलविंदर कौर ने कंगना रनोट को थप्पड़ मारा था।

जेपी नड्डा से की सांसद को समझाने की अपील

संजय सिंह ने सदन में कहा कि भाजपा की एक सांसद ने किसान आंदोलन के दौरान किसानों को गालियां दीं और युवाओं के आंदोलन पर ऐसी टिप्पणी की, जिसे सदन में दोहराया भी नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि देश की बेटियों के चरित्र पर भी सवाल उठाए गए।

उन्होंने कहा, "मैं जेपी नड्डा जी से निवेदन करना चाहता हूं, समझाइए अपने उस सांसद को।"

कंगना के 'जनरेशन गटर' बयान पर बढ़ा विवाद

हाल ही में कंगना रनोट ने एक इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा था कि सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात युवा हिंदू महिलाओं का व्यवहार है। उन्होंने लिखा कि कई युवा महिलाएं स्वतंत्र महिलाओं की जिंदगी की नकल करना चाहती हैं, लेकिन उस आजादी को कमाना नहीं चाहतीं। उन्होंने ऐसी पीढ़ी को "जनरेशन गटर" कहा।

इस बयान के बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में बहस तेज हो गई।

सोनू सूद ने भी जताई आपत्ति

कंगना के "जनरेशन गटर" वाले बयान पर अभिनेता सोनू सूद ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यदि कंगना ने ऐसा कहा है तो यह बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि कलाकारों को आगे बढ़ाने में युवाओं की बड़ी भूमिका होती है और इस तरह की बयानबाजी से बचना चाहिए।