हरियाणा में दिनदहाड़े गोल्ड कारोबारी से करोड़ों की लूट: बेटे के सिर पर पिस्टल तानकर सोना लूटा, विरोध करने पर चाकू से हमला

यमुनानगर में दिनदहाड़े गोल्ड कारोबारी से हथियारों के बल पर सोना लूट लिया गया। बेटे के सिर पर पिस्टल तानकर बदमाश बैग ले गए, विरोध करने पर कारोबारी को चाकू मार दिया।

हरियाणा में दिनदहाड़े गोल्ड कारोबारी से करोड़ों की लूट: बेटे के सिर पर पिस्टल तानकर सोना लूटा, विरोध करने पर चाकू से हमला

यमुनानगर में पंजाब से सोना लेकर आए कारोबारी पर हथियारबंद बदमाशों का हमला
बेटे के सिर पर पिस्टल तानकर बैग छीना, विरोध करने पर कारोबारी के पेट में चाकू मारा
पुलिस ने नाकाबंदी कर शुरू की तलाश, सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी


हरियाणा के यमुनानगर में शुक्रवार को दिनदहाड़े गोल्ड कारोबारी से हथियारों के बल पर लूट की बड़ी वारदात सामने आई। पंजाब के अमृतसर निवासी जयपाल सिंह अपने बेटे इंद्रवीर के साथ यमुनानगर और जगाधरी के ज्वेलर्स को सोने का रॉ-मैटेरियल सप्लाई करने आ रहे थे। इसी दौरान भंभोली क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने उनकी गाड़ी रुकवा ली। बदमाशों ने पहले बेटे के सिर पर पिस्टल तान दी और जब कारोबारी ने विरोध किया तो उसके पेट में चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद गाड़ी में रखा सोने से भरा बैग लेकर आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही थाना छप्पर पुलिस और सीआईए-1 की टीम मौके पर पहुंची और घायल कारोबारी को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने पूरे इलाके में नाकाबंदी कर जांच शुरू कर दी है।

व्यापारी की गाड़ी की चेकिंग करते पुलिसकर्मी।

अमृतसर से सोने की सप्लाई देने आए थे कारोबारी

जानकारी के अनुसार जयपाल सिंह लंबे समय से अमृतसर से यमुनानगर और जगाधरी के ज्वेलर्स को सोने का रॉ-मैटेरियल सप्लाई करते रहे हैं। शुक्रवार को भी वह अपने बेटे इंद्रवीर के साथ सबसे पहले महलावाली में सप्लाई देने जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार पंचकूला-सहारनपुर हाईवे से खुंडेवाला-महलावाली की ओर खेतों वाले रास्ते पर पहुंची, तभी बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।

बेटे के सिर पर पिस्टल तानी, विरोध करने पर चाकू से हमला

पीड़ित कारोबारी के अनुसार दो बदमाश बाइक पर आए थे और दोनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। एक बदमाश के हाथ में पिस्टल थी जबकि दूसरे के पास चाकू था। आते ही उन्होंने गाड़ी रुकवाकर सामान देने को कहा।

जयपाल सिंह ने बताया कि बदमाशों ने उनके बेटे इंद्रवीर के सिर पर पिस्टल तान दी। जब उन्होंने बैग बचाने की कोशिश की तो एक आरोपी ने उनके पेट में चाकू से कई वार कर दिए। पिता को घायल होता देख बेटा घबरा गया और उसने बैग बदमाशों को सौंप दिया।

यमुनानगर में इसी लोकल रूट पर व्यापारी से लूट हुई।

बैग में था सोने का रॉ-मैटेरियल

कारोबारी के अनुसार बैग में करीब 2 किलो सोने का रॉ-मैटेरियल रखा था, जिससे ज्वेलरी तैयार की जाती है। वारदात के बाद आरोपी बैग लेकर फरार हो गए। इसके तुरंत बाद बेटे ने डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी।

हालांकि छप्पर थाना प्रभारी अजय कुमार ने प्रारंभिक जांच के आधार पर बताया कि लूटे गए सोने की मात्रा करीब एक किलो 200 ग्राम के आसपास है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

घायल कारोबारी को अस्पताल पहुंचाया गया

घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल जयपाल सिंह को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। वारदात की जानकारी मिलने पर शहर के कई ज्वेलर्स भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि जयपाल सिंह लंबे समय से पंजाब से यमुनानगर में सोने की सप्लाई करते रहे हैं।

पुलिस की जांच कई पहलुओं पर केंद्रित

थाना छप्पर प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह संभावना भी सामने आई है कि आरोपियों को कारोबारी के आने-जाने के रूट की पहले से जानकारी थी। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

उन्होंने बताया कि बदमाशों ने गाड़ी का शीशा भी तोड़ा और हथियारों के बल पर लूटपाट की। कारोबारी के विरोध करने पर चाकू से हमला किया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।