कंगना रनौत के बयान पर भड़के विक्रमादित्य सिंह, बोले- युवाओं का अपमान बर्दाश्त नहीं

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कंगना रनौत के युवाओं पर दिए बयान की आलोचना करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। साथ ही प्रदेश की बंद सड़कों की बहाली पर भी बड़ा अपडेट दिया।

कंगना रनौत के बयान पर भड़के विक्रमादित्य सिंह, बोले- युवाओं का अपमान बर्दाश्त नहीं

कंगना रनौत के बयान पर विक्रमादित्य सिंह का तीखा हमला

युवाओं के लिए अपमानजनक भाषा को बताया बेहद दुर्भाग्यपूर्ण

प्रदेश की 211 बंद सड़कों में से 121 आज शाम तक बहाल करने का दावा


हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंडी से सांसद कंगना रनौत के हालिया बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं के लिए "गटर छाप" और "कीड़े-मकोड़े" जैसे शब्दों का इस्तेमाल करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने इसे करोड़ों युवाओं का अपमान बताते हुए कहा कि एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि से इस तरह की भाषा की अपेक्षा नहीं की जा सकती।

शिमला कांग्रेस भवन में मीडिया से बातचीत के दौरान विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि मंडी की सांसद आखिर ऐसे शब्द कहां से लेकर आती हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि क्या उन्हें किसी ऐसी यूनिवर्सिटी से शिक्षा मिली है, जहां इस तरह के शब्द और पर्यायवाची सिखाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि जिन शब्दों का प्रयोग आम लोग सोच भी नहीं सकते, उनका इस्तेमाल एक सांसद द्वारा देश के युवाओं के लिए किया जाना बेहद चिंताजनक है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कंगना रनौत लगातार देश के युवाओं के खिलाफ अपमानजनक बयान दे रही हैं। इसके बावजूद भाजपा का शीर्ष नेतृत्व उनके साथ मंच साझा कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा उनके साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हैं, जिससे गलत संदेश जाता है। उन्होंने भाजपा नेतृत्व से इस मुद्दे पर अपना स्पष्ट रुख सामने रखने की मांग की।

लोक निर्माण मंत्री ने युवाओं पर पैलेट गन के इस्तेमाल का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भी लगातार इस मुद्दे को उठा रहे हैं और केंद्र सरकार को इस संबंध में जवाब देना चाहिए।

इस दौरान उन्होंने प्रदेश में भारी बारिश से प्रभावित सड़कों की स्थिति की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में हिमाचल प्रदेश में 211 सड़कें बंद हैं। लोक निर्माण विभाग युद्धस्तर पर बहाली कार्य में जुटा हुआ है और इनमें से 121 सड़कों को आज शाम तक यातायात के लिए बहाल कर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और लोक निर्माण विभाग का मुख्य उद्देश्य जल्द से जल्द सड़क संपर्क बहाल करना है, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उल्लेखनीय है कि लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह शिमला स्थित कांग्रेस भवन पहुंचे थे, जहां भाजपा सहित अन्य दलों के करीब 70 लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।