शिमला के रामपुर में बोलेरो कैंपर 300 फीट गहरी खाई में गिरी, 6 लोगों की मौत

शिमला के रामपुर में बोलेरो कैंपर 300 फीट गहरी खाई में गिरने से मां-बेटे समेत छह लोगों की मौत हो गई। हादसे से ठीक पहले का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शिमला के रामपुर में बोलेरो कैंपर 300 फीट गहरी खाई में गिरी, 6 लोगों की मौत

शिमला के रामपुर में बोलेरो कैंपर 300 फीट गहरी खाई में गिरी, 6 लोगों की मौत

मृतकों में हिंदी अध्यापिका और उनका 12 वर्षीय बेटा भी शामिल

हादसे से ठीक पहले बना वीडियो आया सामने, 2 सेकेंड बाद खाई में गिरी गाड़ी

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटे समेत छह लोगों की मौत हो गई। हादसा काशापाट क्षेत्र में उस समय हुआ, जब एक बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस हादसे से जुड़ा एक लाइव वीडियो भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि वीडियो आनी के दिगेढ़ स्कूल में कार्यरत हिंदी अध्यापिका आशा कुमारी ने बनाया था। वीडियो में वह अपने बेटे को सामने का दृश्य दिखाते हुए कहती हैं, "सामने देखो मेरा ननिहाल..."। इसके कुछ ही क्षण बाद वाहन हादसे का शिकार हो जाता है और वीडियो में चीखें सुनाई देती हैं।

जानकारी के अनुसार सभी लोग दत्तनगर में दूध की सप्लाई करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बोलेरो कैंपर HP-06B-2420 काशापाट के पास सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया, लेकिन किसी भी व्यक्ति को जीवित नहीं बचाया जा सका। कड़ी मशक्कत के बाद शाम तक सभी शवों को खाई से बाहर निकाला गया।

पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टैकलेच भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन चालक की लापरवाही माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

हादसे में 23 वर्षीय अभिषेक सैनी, 32 वर्षीय चालक अशोक जैन, 56 वर्षीय लायक राम, 23 वर्षीय नितिन जैन, 40 वर्षीय आशा कुमारी और उनके 12 वर्षीय बेटे उगल आजाद की मौत हुई है। इनमें चार मृतक शिमला जिले और दो कुल्लू जिले के निवासी थे।

एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में वाहन में सवार सभी छह लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।