"आ नहीं रही हो क्या?" पत्नी ने आने से इंकार किया तो बाप ने पहले बेटे को पानी में फेंका और फिर खुद छलांग लगा दी...
हरियाणा के सिरसा जिले के डबवाली क्षेत्र में 25 वर्षीय युवक ने अपनी पत्नी से विवाद के चलते डेढ़ साल के बेटे संग वाटर टैंक में छलांग लगा दी। युवक की मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।
➤ सिरसा के डबवाली क्षेत्र में युवक ने बेटे संग वाटर टैंक में लगाई छलांग
➤ पत्नी के मायके जाने और विवाद के चलते उठाया खौफनाक कदम
➤ पिता की मौत, मासूम बेटे का अस्पताल में चल रहा इलाज
सिरसा। हरियाणा के सिरसा जिले के डबवाली क्षेत्र के गांव रामपुरा बिश्नोइया में शनिवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक 25 वर्षीय युवक ने अपने डेढ़ साल के मासूम बेटे के साथ वाटर टैंक (डिग्गी) में छलांग लगा दी। युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बच्चे को ग्रामीणों और कर्मचारियों ने किसी तरह बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
मृतक की पहचान पवन कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पवन की शादी बिहार के किशनगंज निवासी अनु टुडू से हुई थी। पिछले आठ महीने से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी कारण उसकी पत्नी अपने मायके चली गई थी।
परिजनों ने बताया कि पवन दो बार पत्नी को मनाने मायके गया, लेकिन वह वापस नहीं आई। इससे आहत पवन अपने बेटे परविंदर के साथ अकेला ही रह रहा था और खेती-बाड़ी करता था।
शनिवार सुबह से ही पवन को जलघर के पास घूमते देखा गया। दोपहर में वह दीवार फांदकर अपने बेटे को साथ लेकर वाटर टैंक तक पहुंच गया। वहां उसने पहले मोबाइल, गमछा और चप्पल उतारीं और बेटे की निकर उतार दी। इसके बाद पत्नी अनु को फोन किया और पूछा – "आ नहीं रही हो क्या?" पत्नी ने आने से इंकार किया तो पवन ने पहले बेटे को पानी में फेंका और फिर खुद छलांग लगा दी।
आसपास के घरों की महिलाओं ने यह मंजर देखा और शोर मचाया। शोर सुनकर जलघर के कर्मचारी दौड़े और गोताखोरों की मदद से दोनों को बाहर निकाला। मगर तब तक पवन की मौत हो चुकी थी। बेटे परविंदर को बेहोशी की हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल की मॉर्च्युरी में भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मृतक की पत्नी से संपर्क साधा गया है ताकि विवाद की असल वजह स्पष्ट हो सके।
Akhil Mahajan