कर्ज के बोझ तले दबे चार बेटियों के पिता ने सुसाइड किया
सोनीपत में चार बेटियों के पिता श्रवण ने कर्ज और दबाव से टूटकर सुसाइड किया। रेलवे ट्रैक पर मिला शव। परिजनों ने फाइनेंसर पर आरोप लगाया। पुलिस ने जांच शुरू की।
• सोनीपत में चार बेटियों के पिता ने कर्ज के दबाव में सुसाइड किया
• परिजनों ने फाइनेंसर और अंगद परिवार पर धमकी व दबाव का आरोप लगाया
• रेलवे ट्रैक पर मिला शव, पुलिस ने जांच शुरू की
सोनीपत में कर्ज के बोझ और आर्थिक तंगी से जूझ रहे चार बेटियों के पिता ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान कालूपुर निवासी 50 वर्षीय श्रवण के रूप में हुई है, जो लंबे समय से पुताई का काम कर परिवार का खर्च चलाता था। सोमवार को घर से काम के लिए निकले श्रवण के देर रात तक घर वापस न लौटने पर पुत्रियों की चिंता बढ़ गई। मंगलवार सुबह जीआरपी सोनीपत ने फोन कर परिवार को उसकी मौत की सूचना दी, जिसके बाद घर में चीख–पुकार मच गई।
परिजनों के अनुसार, श्रवण भारी कर्ज और फाइनेंसरों के दबाव में मानसिक रूप से टूट चुका था। परिवार ने आरोप लगाया कि कर्ज वसूली को लेकर लगातार धमकी और दबाव बनाया जा रहा था, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया।
परिवार के चचेरे भाई दीपक ने बताया कि श्रवण ने अंगद और उसके पिता के जरिए फाइनेंसर बिल्लू प्रधान से 10 प्रतिशत ब्याज पर रकम उधार ली थी। ब्याज और लगातार दबाव बढ़ने से स्थिति असहनीय हो गई थी। दीपक ने बताया कि घटना से कुछ समय पहले अंगद और उसका पिता घर आए थे और रकम को लेकर तेज बहस हुई थी।
शाम को संपर्क न होने पर परिवार ने कई बार फोन किया, मगर मोबाइल बंद मिला। मंगलवार सुबह पुलिस ने फोन चार्ज कर कॉल की और शव बैयांपुर खुर्द के पास रेलवे फाटक से बरामद होने की जानकारी दी। मौके पर पहुंचने पर परिजनों के होश उड़ गए।
परिवार ने बताया कि पहले अंगद ने उन्हें बताया कि श्रवण ने फ्लाईओवर से कूदकर जान दी है, लेकिन पुलिस ने कहा कि मौत ट्रेन से कटने के कारण हुई है। अलग–अलग बयान सामने आने से परिजनों का शक और बढ़ गया। परिवार ने कहा कि सच सामने आने तक वे शांत नहीं बैठेंगे।
श्रवण अपनी चार बेटियों का एकमात्र सहारा था। एक बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि तीन बेटियां अविवाहित हैं। पिता की मौत की खबर से तीनों बेटियां रो–रोकर बेहोश हो रही हैं। घर में अब कमाने वाला कोई नहीं बचा, जिससे परिवार अपना भविष्य अंधकार में देख रहा है।
परिजनों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वे कह रहे हैं कि कर्ज और दबाव ने श्रवण को आत्महत्या जैसे कदम पर धकेला है, इसलिए जिम्मेदार लोगों को सजा मिलनी चाहिए।
जीआरपी पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला डिप्रेशन के चलते आत्महत्या का लग रहा है। परिजनों की ओर से दी जाने वाली शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।
Author1