हरिद्वार जा रहे सोनीपत के चार दोस्तों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत
सोनीपत के बरोदा गांव के चार दोस्तों की हरिद्वार जाते समय शामली में भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। कार डीसीएम से टकराई, पुलिस जांच में जुटी।
-
सोनीपत के चार दोस्तों की हरिद्वार यात्रा में दर्दनाक मौत
-
तेज रफ्तार कार डीसीएम से टकराई, कार का अगला हिस्सा पिचका
-
कार में मिली शराब की बोतलें, नशे की आशंका पर जांच शुरू
हरिद्वार जा रहे सोनीपत के चार दोस्तों की कार शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा उत्तर प्रदेश के शामली जिले के पानीपत–खटीमा हाईवे पर हुआ, जब स्विफ्ट कार रेस्टोरेंट के बाहर खड़े डीसीएम (कैंटर) में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और चारों दोस्तों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसा रात करीब 11 बजे बुटराड़ा फ्लाईओवर के पास हुआ। बताया गया कि बरोदा गांव निवासी साहिल अपने तीन दोस्तों के साथ स्विफ्ट कार (HR-09 K-8004) में हरिद्वार जा रहा था। तभी अचानक रेस्टोरेंट के बाहर खड़े कैंटर से कार टकरा गई। आवाज इतनी भयानक थी कि आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
बाबरी थाना पुलिस और एएसपी संतोष कुमार की टीम मौके पर पहुंची और भारी मशक्कत के बाद कार में फंसे शवों को बाहर निकाला। सभी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा और नंबर प्लेट से परिजनों की पहचान कर सूचना दी।
थाना प्रभारी राहुल सिसौदिया ने बताया कि हादसे में चारों युवक बरोदा गांव के रहने वाले थे। कार के अंदर से शराब की बोतलें भी मिलीं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि हादसे के समय युवक नशे में थे। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
गांव बरोदा में हादसे की खबर फैलते ही मातम पसर गया। चारों युवक बचपन के दोस्त थे और घूमने के लिए हरिद्वार जा रहे थे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने कहा कि जिस सफर को उन्होंने यादगार बनाने का सोचा था, वही उनकी आखिरी यात्रा बन गया।
Author1