सोनीपत में युवती के अपहरण की कोशिश, शादी से इनकार पर घर में घुसे आरोपी
सोनीपत के गन्नौर में शादी से इनकार पर युवक ने साथियों संग युवती के घर हमला कर अपहरण की कोशिश की। पूरी वारदात CCTV में कैद हुई।
शादी से इनकार पर युवक ने साथियों संग युवती के घर पर बोला हमला
■ गाड़ी से दरवाजा तोड़कर घर में घुसने और अपहरण की कोशिश का आरोप
■ CCTV में कैद हुई वारदात, पीड़ित परिवार ने मांगी पुलिस सुरक्षा
हरियाणा के सोनीपत जिले के गन्नौर में एक युवती को शादी के लिए मना करना भारी पड़ गया। आरोप है कि युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवती के घर पर हमला बोल दिया और उसे जबरदस्ती घर से ले जाने की कोशिश की। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पीड़ित परिवार के अनुसार आरोपी युवक ने पहले सोशल मीडिया के जरिए युवती से संपर्क बढ़ाया। बातचीत के बाद उसने शादी का दबाव बनाना शुरू कर दिया। जब परिवार ने लड़के और उसके परिवार की जानकारी जुटाई तो हालात ठीक न लगने पर रिश्ता ठुकरा दिया गया। इसी बात से आरोपी भड़क गया।
शिकायत के अनुसार 28 और 29 अप्रैल की रात करीब 12 बजे आरोपी गौरव अपने कई साथियों के साथ गाड़ी लेकर पीड़ित परिवार के घर पहुंचा। आरोप है कि उसने गाड़ी से घर के मुख्य दरवाजे को जोरदार टक्कर मारकर तोड़ दिया। आवाज सुनकर परिवार के लोग बाहर आए तो आरोपी हथियार दिखाते हुए घर में घुसने लगा और युवती को उठाकर ले जाने की धमकी देने लगा।
परिवार का आरोप है कि आरोपी ने खुलेआम जान से मारने की धमकी भी दी। घर में अचानक मचे हंगामे से महिलाएं और बच्चे सहम गए। घटना के दौरान पूरे घर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घर में लगे CCTV कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में आरोपी की हरकतें और धमकियां साफ दिखाई और सुनाई दे रही हैं। पुलिस अब इन फुटेज को जांच में अहम सबूत के तौर पर इस्तेमाल कर रही है।
घटना के बाद पीड़ित संजय मलिक की तबीयत बिगड़ गई। परिवार के सदस्य उन्हें इलाज के लिए गन्नौर अस्पताल लेकर जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में जीटी करनाल रोड पर आरोपियों ने दोबारा उनकी गाड़ी को घेर लिया। एक गाड़ी ने अचानक ब्रेक लगाकर रास्ता रोकने की कोशिश की, जबकि दूसरी गाड़ी में आरोपी के 4 से 5 साथी मौजूद थे।
पीड़ित परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचते ही आरोपी अपनी दोनों गाड़ियां छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने गाड़ियों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत में यह भी बताया गया है कि आरोपी पहले कई बार संदिग्ध तरीके से घर के आसपास घूमता दिखाई दिया था। घटना वाले दिन शाम को भी उसकी गाड़ी इलाके में देखी गई थी। इससे अंदेशा जताया जा रहा है कि पूरी वारदात पहले से प्लान की गई थी।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान यदि अपहरण की कोशिश की पुष्टि होती है तो और भी गंभीर धाराएं जोड़ी जाएंगी।
घटना के बाद पीड़ित परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। परिवार ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
pooja