कांग्रेस MLA ने INLD को बताया 'गैंग', बोले-इनके पल्ले कुछ नहीं
सोनीपत के विधायक इंदु राज भालू ने इनेलो को गैंग बताया और कहा कि रोहतक की रैली भाजपा के इशारे पर करवाई जा रही है। उन्होंने भाजपा और जीएसटी सुधार पर भी निशाना साधा और हुड्डा परिवार पर भरोसा जताया।
➤ सोनीपत के विधायक इंदु राज भालू ने इनेलो को गैंग बताया, कहा रैली भाजपा के इशारे पर
➤ भालू ने भाजपा और जीएसटी सुधार पर भी निशाना साधा, पेट्रोल-डीजल महंगाई को मुद्दा बनाया
➤ हुड्डा परिवार पर भरोसा जताया, इनेलो की पुरानी गलतियों को याद दिलाया
सोनीपत जिले के बरोदा हलके के कांग्रेस विधायक इंदु राज भालू ने हाल ही में राजनीतिक बयानबाजी करते हुए इनेलो पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि इनेलो कोई पार्टी नहीं बल्कि एक गैंग है और रोहतक में आयोजित रैली भाजपा के इशारे पर करवाई जा रही है। भालू ने आरोप लगाया कि जे जे पी छोड़कर भागने वाले लोगों को इनेलो ज्वॉइनिंग बता रही है, लेकिन असल में इन्हें इधर-उधर बदलने का काम किया जा रहा है।
भालू ने यह भी कहा कि भाजपा ने इनेलो को खुली छूट दी है और रैली के लिए दिशा-निर्देश दिए हैं कि केवल दीपेंद्र और भूपेंद्र हुड्डा पर फोकस रखा जाए। उन्होंने कहा कि अभय सिंह चौटाला भी भाजपा की छाया में बोलते हैं और यही कारण है कि वे ज्यादा बात नहीं कर पाते।
विधायक ने हुड्डा परिवार पर भरोसा जताया और कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा का गढ़ हरियाणा में सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह एक षड्यंत्र है कि इनेलो को सपोर्ट कर रही है।
भालू ने जीएसटी सुधार को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उनका कहना था कि बीजेपी ने पिछले 8 सालों में गरीब और आम आदमी को जीएसटी के नाम पर लूटा है और अब केवल इसे सुधार कर उत्सव मनाने की बात कर रही है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल पर भी आम आदमी को राहत देनी चाहिए क्योंकि इनकी कीमतें आम आदमी की पहुंच से बाहर हैं।
इनेलो पर भी हमला करते हुए भालू ने कहा कि यह पार्टी लोगों को लूटने का काम कर चुकी है और जनता इसे भूल नहीं सकती। उन्होंने कहा कि हरियाणा में अब तक मुख्यमंत्री रहे केवल चौधरी बंशीलाल और चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा, जिन्होंने विकास और समाज सुधार पर काम किया।