सोनीपत मैं निगम अधिकारियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, पीडब्ल्यूडी कार्यालय के टूटे शीशे
सोनीपत नगर निगम गेट पर सफाई कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच विवाद मारपीट और तोड़फोड़ तक पहुंच गया। महिलाओं से बदतमीजी और जातिसूचक शब्दों के आरोप भी लगे। दोनों पक्षों ने पुलिस को शिकायत दी।
➤ सोनीपत नगर निगम गेट पर सफाई कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच मारपीट का आरोप
➤ महिलाओं से बदतमीजी व जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल से बढ़ा विवाद
➤ दोनों पक्षों ने पुलिस को दी शिकायत, पीडब्ल्यूडी कार्यालय में तोड़फोड़
हरियाणा के सोनीपत नगर निगम के मुख्य गेट पर धरना दे रहे ठेका सफाई कर्मचारियों और निगम अधिकारियों के बीच शुक्रवार सुबह जमकर विवाद हो गया। कर्मचारियों का आरोप है कि निगम अधिकारियों और ठेकेदारों ने महिलाओं से बदतमीजी की और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। इस घटना के बाद स्थिति बिगड़ गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार, नगर निगम के मुख्य गेट पर सफाई कर्मचारी सुबह 7 बजे से शांतिपूर्ण धरना दे रहे थे। करीब 9:30 बजे नगर निगम के चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर साहब सिंह, सेनेटरी इंस्पेक्टर सत्येंद्र दहिया, कृष्णा और ठेकेदार सोनू सिहाग व जतिन मौके पर पहुंचे। इसी दौरान विवाद बढ़ा और आरोप है कि अधिकारियों के अशोभनीय व्यवहार के बाद महिलाओं ने इज्जत बचाने के लिए मारपीट की।
विवाद इतना बढ़ा कि एक अधिकारी भीड़ से बचकर पीडब्ल्यूडी कार्यालय में घुस गया। उसके पीछे प्रदर्शनकारी भी वहां जा पहुंचे। गेट बंद करने की कोशिश कर रहे चौकीदार निशांत के साथ भीड़ ने मारपीट की और गेट के शीशे तोड़ दिए। घटना में चौकीदार घायल हो गया जिसे नागरिक अस्पताल सोनीपत में भर्ती कराया गया।
पीडब्ल्यूडी विभाग ने थाना सिविल लाइन पुलिस को शिकायत दी है जिसमें करीब 25-30 नगर निगम कर्मचारियों पर कार्यालय में घुसकर हंगामा, मारपीट और तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया गया। वहीं दूसरी ओर नगर निगम कर्मचारियों ने भी पुलिस को शिकायत दी है, जिसमें अधिकारियों और ठेकेदारों पर महिलाओं से छेड़खानी व जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया।
इस विवाद के चलते पीडब्ल्यूडी कार्यालय का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया और वहां मौजूद कर्मचारी दहशत में आ गए। मौके पर थाना सिविल लाइन प्रभारी ने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों पर जांच कर रही है और नगर निगम मुख्यालय पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।