सोनीपत में ट्रिपल मर्डर:पति-पत्नी समेत तीन की बेरहमी से हत्या
सोनीपत के कुंडली स्थित टीडीआई बीपीएल फ्लैट्स में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की तेजधार हथियार से हत्या कर दी गई। पुलिस और एफएसएल टीम मामले की जांच में जुटी है।
- सोनीपत के कुंडली में ट्रिपल मर्डर से फैली सनसनी
- पति-पत्नी समेत तीन लोगों की तेजधार हथियार से हत्या
- आरोपी ब्रह्मप्रकाश वारदात के बाद पुलिस जांच के घेरे में
सोनीपत के कुंडली थाना क्षेत्र में देर रात हुए सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। टीडीआई स्थित बीपीएल फ्लैट्स में एक सनकी व्यक्ति ने पति-पत्नी समेत तीन लोगों को तेजधार हथियार से हमला कर बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोग देर रात तक दहशत में रहे।
मृतकों की पहचान विजय, उसकी पत्नी सुनीता निवासी कोट मोहल्ला सोनीपत और दूसरी महिला स्वाति निवासी गांव बडोली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों पर बेहद बेरहमी से हमला किया गया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टीडीआई बीपीएल फ्लैट्स में रहने वाले ब्रह्मप्रकाश नाम के व्यक्ति ने इस खूनी वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद सोनीपत पुलिस के आला अधिकारी, एफएसएल टीम और कुंडली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। एफएसएल टीम ने मौके से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
इस ट्रिपल मर्डर के बाद कुंडली क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग घटना को लेकर स्तब्ध हैं और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
Akhil Mahajan