राई फ्लाईओवर के पास खड़े ट्रक में जा घुसी वोल्वो बस, कंडक्टर की मौत, छह घायल

सोनीपत के नेशनल हाईवे-44 पर राई फ्लाईओवर के पास खड़े ट्रक में टकराने से वोल्वो बस के कंडक्टर की मौत हो गई। ड्राइवर गंभीर रूप से घायल है और कई यात्री घायल हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

राई फ्लाईओवर के पास खड़े ट्रक में जा घुसी वोल्वो बस, कंडक्टर की मौत, छह घायल

NH-44 पर राई फ्लाईओवर के पास खड़े ट्रक में पीछे से टकराई वोल्वो बस
कंडक्टर अमन की मौके पर मौत, ड्राइवर गंभीर रूप से घायल
हाईवे पर लंबा जाम, पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच


हरियाणा के सोनीपत जिले से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-44 पर शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में प्राइवेट वोल्वो बस के कंडक्टर की मौत हो गई, जबकि ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया और कई यात्री चोटिल हो गए। हादसा पानीपत-दिल्ली रोड पर पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस के पास राई फ्लाईओवर के सामने हुआ, जहां सड़क किनारे खराब खड़े एक ट्रक में तेज रफ्तार बस पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्राइवेट वोल्वो बस पंजाब के अमृतसर से रात करीब 11:15 बजे दिल्ली के कश्मीरी गेट के लिए रवाना हुई थी। यात्रियों को सुबह 6:10 बजे तक दिल्ली पहुंचने की जानकारी दी गई थी। शनिवार सुबह करीब 5:30 से 6 बजे के बीच जब बस पानीपत से दिल्ली की ओर बढ़ते हुए राई फ्लाईओवर के पास पहुंची तो सड़क पर खराब हालत में खड़े ट्रक से जा भिड़ी। बताया जा रहा है कि ट्रक सड़क पर खड़ा था और बस चालक को समय रहते स्थिति का अंदाजा नहीं हो सका। तेज रफ्तार के कारण बस सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में घुस गई।

घायल ड्राइवर को खानपुर मेडिकल रेफर किया गया है। - Dainik Bhaskar

इस भीषण टक्कर में बस के कंडक्टर अमन, जो अमृतसर का निवासी था, की मौके पर ही मौत हो गई। बस चालक निकेश, जो अमृतसर का ही रहने वाला है, गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हादसे में 5 से 6 सवारियां घायल हुई हैं। घायलों में एक ही परिवार के दीपक मल्होत्रा, दिवाकर मल्होत्रा और सुषमा मल्होत्रा शामिल हैं, जो अमृतसर में शादी समारोह से लौटकर दिल्ली जा रहे थे।

घायलों का सिविल हॉस्पिटल इलाज चल रहा है और गंभीर रूप से घायल ड्राइवर को रोहतक मेडिकल रेफर किया गया है।

घायलों को तत्काल एम्बुलेंस की सहायता से सोनीपत के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल ड्राइवर की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही राई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटना के कारण नेशनल हाईवे-44 पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने कुछ समय के लिए यातायात रोका और बाद में वाहनों को सर्विस लेन से निकाला गया। काफी मशक्कत के बाद ट्रैफिक को सामान्य किया जा सका।

घायलों में एक ही परिवार के दीपक मल्होत्रा, दिवाकर मल्होत्रा और सुषमा मल्होत्रा हैं।

मृतक कंडक्टर के शव को कब्जे में लेकर सोनीपत सिविल अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए रखवाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

पुलिस इस बात की गंभीरता से जांच कर रही है कि ट्रक किन परिस्थितियों में हाईवे पर खड़ा था और क्या वहां आवश्यक सुरक्षा संकेत लगाए गए थे या नहीं। साथ ही बस की रफ्तार और चालक की लापरवाही जैसे पहलुओं को भी जांच के दायरे में लिया गया है। मामले में कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।