सोनीपत में टूटी सड़कों पर जिला पार्षद का अनोखा विरोध, पढ़ी हनुमान चालीसा
सोनीपत में टूटी सड़कों की समस्या को लेकर जिला पार्षद संजय बड़वासनियां ने अनोखा विरोध किया। उन्होंने गाड़ी पर बैठकर हनुमान चालीसा पढ़ी और प्रशासन पर लापरवाही व भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।
➤ सोनीपत में टूटी सड़कों पर जिला पार्षद ने किया अनोखा विरोध
➤ हनुमान चालीसा पढ़कर जनता की सुरक्षा भगवान पर छोड़ी
➤ प्रशासन पर लापरवाही और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप
सोनीपत। जिले में बदहाल सड़कों की समस्या को लेकर जिला पार्षद संजय बड़वासनियां ने सोमवार को अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने सेक्टर-23 चौक पर टूटी सड़क के बीच गाड़ी पर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया और भगवान से प्रार्थना की कि जब तक प्रशासन ध्यान नहीं देता, तब तक जनता की सुरक्षा स्वयं भगवान करें।
संजय बड़वासनियां ने कहा कि महलाना और ककरोई मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में हैं, जिनसे होकर दर्जनों गांवों के लोग रोजाना गुजरते हैं। बारिश के बाद इन सड़कों की हालत और भी खतरनाक हो चुकी है, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों और ठेकेदारों की मिलीभगत से घटिया निर्माण सामग्री का प्रयोग किया गया, जिससे सरकारी धन का सीधा-सीधा दुरुपयोग हुआ। बड़वासनियां ने कहा कि कई बार शिकायतें और ज्ञापन देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई, यहाँ तक कि मुख्यमंत्री को भी अवगत कराने के बाद हालात जस के तस हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ तो वे मुख्यमंत्री से व्यक्तिगत मुलाकात कर दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेंगे।
इस विरोध प्रदर्शन में ब्लॉक समिति सदस्य विकास महारा, कुलदीप, संदीप, प्रदीप, जोगिंदर, राजवीर सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
Akhil Mahajan