अंडरब्रिज के नीचे पानी में फंसी स्कूल की बस, छात्रों को जोखिम में डाल पानी में बस ले गया चालक
सोनीपत में बारिश के दौरान पानी से भरे अंडरब्रिज में स्कूल बस फंस गई। चालक की लापरवाही और प्रशासन की चूक से बच्चों की जान पर संकट आ गया। ट्रैक्टर की मदद से बस को निकाला गया।
➤ सोनीपत में बारिश के बीच अंडरब्रिज में फंसी स्कूल बस
➤ छात्रों की जान खतरे में, ट्रैक्टर से बस को बाहर निकाला गया
➤ डीसी के आदेशों के बावजूद खुले रहे अंडरब्रिज, प्रशासन पर सवाल
सुशील मोर
सोनीपत में वर्षा के दौरान एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां एक निजी स्कूल बस चालक ने अंडरब्रिज में भरे पानी के बावजूद बस को उसमें से निकालने की कोशिश की। पानी गहरा होने के कारण बस बीच में ही फंस गई और अचानक बंद हो गई। उस समय बस के भीतर छात्र मौजूद थे। खुद को पानी के बीच फंसा देखकर बच्चे घबरा गए और चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने मदद की। चूंकि बस स्टार्ट नहीं हो रही थी, इसलिए ट्रैक्टर बुलाकर उसे पानी से बाहर खींचना पड़ा। गनीमत रही कि सभी छात्र सुरक्षित निकाल लिए गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना चालक की गंभीर लापरवाही है, जिसने बच्चों की जान जोखिम में डाल दी। वहीं प्रशासन पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं क्योंकि हाल ही में जिला उपायुक्त सुशील सारवान ने वर्षा के दौरान एहतियातन अंडरब्रिज बंद रखने और वहां कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद अंडरब्रिज को खुला रखा गया और निगरानी भी नहीं की गई।
इस घटना का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें देखा जा सकता है कि किस तरह से बस पानी में फंसी और छात्रों को डर के बीच ट्रैक्टर की मदद से बाहर निकाला गया। घटना के बाद अभिभावकों में भी गहरा रोष है और वे प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।