सोनीपत में झोपड़ियों में भीषण आग, लाखों का नुकसान

सोनीपत के हनुमान नगर में झोपड़ियों में लगी भीषण आग से 5 बाइक-रिक्शा और घरेलू सामान जल गया, लोगों ने सिलेंडर निकालकर बड़ा हादसा टाला।

सोनीपत में झोपड़ियों में भीषण आग, लाखों का नुकसान

झोपड़ियों में लगी भीषण आग, मजदूर परिवारों का सबकुछ जलकर खाक
5 बाइक-रिक्शा राख, लाखों का नुकसान
लोगों ने जान जोखिम में डालकर सिलेंडर बाहर निकाले


हरियाणा के सोनीपत शहर के हनुमान नगर इलाके में एक खाली प्लॉट में लगी आग ने देखते ही देखते भयावह रूप ले लिया और मजदूर परिवारों की झोपड़ियां, घरेलू सामान और खड़ी बाइक-रिक्शा को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय प्लॉट में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया, लेकिन इस आग ने गरीब परिवारों को गहरा आर्थिक नुकसान पहुंचाया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्लॉट में अचानक उठी छोटी सी चिंगारी कुछ ही मिनटों में विकराल आग में बदल गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसमान में धुएं का घना गुबार छा गया। आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटों के सामने सब प्रयास नाकाफी साबित हुए।सामान में लगी आग।

इस आग की चपेट में आकर यहां रह रहे श्रमिक परिवारों की झोपड़ियां पूरी तरह जलकर राख हो गईं। साथ ही प्लॉट में खड़ी 5 बाइक-रिक्शा भी पूरी तरह नष्ट हो गईं। झोपड़ियों में रखा राशन, कपड़े और जरूरी सामान भी जल गया, जिससे पहले से ही आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो गई है।घटना के दौरान सबसे बड़ा खतरा प्लॉट में रखे एलपीजी सिलेंडरों से था। आग की लपटों के बीच लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर सिलेंडरों को बाहर निकाला, जिससे बड़ा धमाका होने से बच गया। हालांकि इस दौरान एक छोटे सिलेंडर में ब्लास्ट हुआ, लेकिन राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस टीम ने भी मौके पर पहुंचकर भीड़ को सुरक्षित दूरी पर हटाया। फायर ब्रिगेड अधिकारी विनोद कुमार के मुताबिक, शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि मामले की जांच जारी है।