स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में महिला कर्मचारी ने सहायक प्रोफेसर पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए
सोनीपत की स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में महिला कर्मचारी ने सहायक प्रोफेसर पर यौन उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। ICC कमेटी जांच में जुटी है।
■ सोनीपत की स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में महिला कर्मचारी ने सहायक प्रोफेसर पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए
■ देर रात मैसेज, फोन कॉल और मानसिक प्रताड़ना की शिकायत, चैट भी सौंपी गई
■ वीसी ने ICC कमेटी गठित कर 7 दिन में जांच रिपोर्ट मांगी
सोनीपत स्थित प्रतिष्ठित स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा (SUOH) में एक महिला कर्मचारी द्वारा यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए जाने के बाद कैंपस में हड़कंप मच गया है। महिला अधिकारी ने यूनिवर्सिटी के एक सहायक प्रोफेसर पर यौन उत्पीड़न, मानसिक प्रताड़ना और पेशेवर दुर्व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए हैं।
महिला कर्मचारी ने मामले में लिखित शिकायत देने के साथ-साथ कथित चैट और अन्य सबूत भी प्रशासन को सौंपे हैं। शिकायत की संवेदनशीलता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी है।
यूनिवर्सिटी प्रशासन ने शिकायत को आंतरिक शिकायत समिति (ICC) के पास भेज दिया है। कुलपति कार्यालय की ओर से कमेटी को सात दिनों के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के वीसी अशोक कुमार।
पीड़िता के अनुसार, यह पूरा मामला दिसंबर 2025 से शुरू हुआ। आरोप है कि खेल पत्रकारिता विभाग में तैनात सहायक प्रोफेसर डॉ. जयपाल उन्हें देर रात अनुचित मैसेज भेजता था और बार-बार फोन कॉल करता था।
शिकायत में कहा गया है कि फोन कॉल के दौरान आरोपी प्रोफेसर ने अश्लील, अनैतिक और यौन रूप से अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया। जनवरी 2026 में भी आरोपी लगातार संपर्क करने की कोशिश करता रहा, जिससे महिला कर्मचारी को मानसिक तनाव झेलना पड़ा।
महिला ने बताया कि खुद को सुरक्षित रखने के लिए उन्होंने आरोपी से दूरी बना ली थी और अपना कार्यक्षेत्र भी बदल लिया था। इसके बावजूद आरोपी का व्यवहार नहीं बदला। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि प्रोफेसर ने सहकर्मियों के बीच उनकी छवि खराब करने के लिए झूठी बातें फैलाईं।
पीड़िता का कहना है कि इस व्यवहार के कारण कार्यस्थल पर भय और असुरक्षा का माहौल बन गया, जिससे उनके लिए काम करना मुश्किल हो गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे 'यौन उत्पीड़न निवारण समिति' को सौंप दिया है। कुलपति कार्यालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि यह एक तथ्य-आधारित जांच होगी और दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
महिला कर्मचारी ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि जांच पूरी होने तक आरोपी को उनसे सीधे या अप्रत्यक्ष रूप से संपर्क करने से रोका जाए। साथ ही कैंपस में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाए।
स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के कुलपति अशोक कुमार ने बताया कि शुक्रवार को शिकायत प्राप्त हुई थी। मामले में जांच कमेटी गठित कर दी गई है और रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने मामले की गोपनीयता बनाए रखने का भी आश्वासन दिया है।
pooja 