मुठभेड़: फैक्ट्री फायरिंग केस में 2 बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में गोली

यमुनानगर में फैक्ट्री फायरिंग केस में पुलिस मुठभेड़, दो बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में गोली लगी, हथियार और बाइक बरामद।

मुठभेड़: फैक्ट्री फायरिंग केस में 2 बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में गोली

पूर्व विधायक की फैक्ट्री फायरिंग केस में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
एनकाउंटर में एक बदमाश के पैर में गोली, दूसरा मौके से गिरफ्तार
14-15 राउंड फायरिंग, पुलिस की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी लगी गोली


हरियाणा के यमुनानगर में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में बड़ा एक्शन देखने को मिला है। इनेलो के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह की प्लाईवुड फैक्ट्री पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी है।

पुलिस के अनुसार, सीआईए-2 टीम को सूचना मिली थी कि फायरिंग केस में शामिल आरोपी रादौर क्षेत्र में कांजनू के पास नहर की पटरी पर मौजूद हैं। टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने की कोशिश की और फायरिंग शुरू कर दी।

ऑपरेशन थिएटर में बदमाश को ले जाते हुए पुलिसकर्मी।

इस दौरान दोनों तरफ से करीब 14 से 15 राउंड फायरिंग हुई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी हर्ष के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। वहीं दूसरे आरोपी अभिषेक को मौके पर ही काबू कर लिया गया। घायल हर्ष को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल और एक बाइक बरामद की है। दोनों आरोपी कुरुक्षेत्र के सुनहेड़ी खालसा गांव के रहने वाले हैं और पहले गिरफ्तार आरोपी अमन उर्फ काकू के करीबी बताए जा रहे हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले पकड़ा गया आरोपी अमन उर्फ काकू पुलिस को चकमा देकर खजूरी पुल से कूद गया था, जिसमें वह घायल हो गया था और फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।

यह पूरा मामला 30 मार्च की रात का है, जब जठलाना गांव स्थित फैक्ट्री पर तीन हथियारबंद युवकों ने फायरिंग की थी। मौके से 8 गोलियों के खोल बरामद हुए थे। हालांकि इस हमले में कोई कर्मचारी घायल नहीं हुआ था।

घटना के बाद सोशल मीडिया पर गैंगस्टर शुभम पंडित और नोनी राणा ने पोस्ट डालकर इस वारदात की जिम्मेदारी ली थी और फैक्ट्री से जुड़े लोगों को धमकी दी थी।

मामले की जानकारी देते हुए रजत गुलिया ने बताया कि पुलिस टीम ने आरोपियों को सरेंडर करने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली पुलिस की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी लगी। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।