Video: लोग समझाते रहे लेकिन हथिनीकुंड बैराज पर युवती ने लगा दी छलांग

यमुनानगर के हथिनीकुंड बैराज पर सहारनपुर की 19 वर्षीय युवती ने पश्चिमी यमुना नहर में छलांग लगा दी। लोगों ने रोकने और बचाने की कोशिश की, लेकिन वह तेज बहाव में लापता हो गई। पुलिस और गोताखोर तलाश में जुटे हैं।

Video: लोग समझाते रहे लेकिन हथिनीकुंड बैराज पर युवती ने लगा दी छलांग

  • हथिनीकुंड बैराज पर सहारनपुर की युवती ने नहर में छलांग लगाई

  • लोगों ने रोकने और बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव में लापता

  • आधार कार्ड से हुई पहचान, पुलिस और गोताखोर तलाश में जुटे


हरियाणा के यमुनानगर स्थित हथिनीकुंड बैराज पर गुरुवार को एक 19 वर्षीय युवती ने पश्चिमी यमुना नहर में छलांग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवती बैराज के किनारे काफी देर तक टहलती रही और फिर अचानक नहर की सीढ़ियों पर जाकर खड़ी हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने उसे समझाने का प्रयास किया, मगर वह नहीं मानी और देखते ही देखते गहरे पानी में कूद गई। युवती की पहचान सहारनपुर जिले के रतनपुर कल्याणपुर गांव निवासी शिवानी के रूप में हुई है। नहर किनारे से पुलिस को उसका आधार कार्ड भी बरामद हुआ है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

लोगों ने बचाने की कोशिश


घटना के समय मौजूद सिंचाई विभाग के कर्मचारी और राहगीरों ने युवती को रोकने की कोशिश की। एक युवक ने वीडियो में उसे कहते सुना गया—"जिंदगी एक बार मिलती है, ऐसा मत कर।" लेकिन युवती ने किसी की बात नहीं मानी। कई युवक रस्सी के सहारे नहर में उतरे, मगर तेज बहाव और सिल्ट जमा होने के कारण उनका प्रयास असफल रहा।

वायरल वीडियो में युवती को व्यक्ति नहर की सीढ़ियों से ऊपर आने के लिए बोलता दिखा।

गोताखोरों को भी मुश्किल


प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि युवती ने जिस स्थान से छलांग लगाई, वहां गेटों के सामने रेत और सिल्ट जमा रहती है। इस वजह से गोताखोरों के लिए भी तलाश करना बेहद कठिन होगा।

गांव से 24 किमी दूर पहुंची थी


हथिनीकुंड बैराज युवती के गांव से करीब 24 किलोमीटर दूर है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि वह यहां कैसे और क्यों पहुंची। ग्रामीणों का कहना है कि हो सकता है घर पर किसी विवाद के चलते वह यहां आई हो या किसी से मिलने का इरादा रहा हो। प्रतापनगर थाना प्रभारी नर सिंह ने बताया कि युवती के परिजनों को सूचना दे दी गई है। गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश जारी है। छलांग लगाने के पीछे की वजह का पता नहीं चल सका है।