हरियाणा में दिल दहला देने वाला हादसा: पिता ने दो मासूम बेटियों के साथ दी जान

फरीदाबाद में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपनी दो मासूम बेटियों के साथ आत्महत्या कर ली। यह दर्दनाक घटना सेक्टर 8 में हुई।

➤ फरीदाबाद में एक पिता ने अपनी दो बेटियों के साथ सुसाइड किया

➤ पत्नी की मौत के बाद डिप्रेशन में था पिता, पुलिस जांच जारी

 ➤ तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, परिवार में शोक का माहौल


फरीदाबाद में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपनी दो मासूम बेटियों के साथ आत्महत्या कर ली। यह दर्दनाक घटना सेक्टर 8 में हुई। मृतक की पहचान निखिल गोस्वामी (35) के रूप में हुई है, जबकि उसकी बेटियां सिद्धि (2 साल) और रिद्धि (डेढ़ महीने) हैं। बताया जा रहा है कि निखिल अपनी पत्नी पूजा की मौत के बाद गहरे डिप्रेशन में था। पूजा की मौत करीब डेढ़ महीने पहले ही डिलीवरी के दौरान हुई थी।

घटना के समय घर पर कोई नहीं था। शाम 7 से 8 बजे के बीच निखिल के पिता उदय शंकर गोस्वामी (65) जब घर लौटे, तो उन्होंने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया। कई बार आवाज़ देने पर जब कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर सेक्टर 7 चौकी इंचार्ज प्रदीप कलकल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर देखा तो तीनों एक ही फंदे से लटके हुए थे। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टि में ऐसा लगता है कि पिता ने पहले अपनी दोनों मासूम बेटियों को फांसी पर लटकाया और उसके बाद खुद भी फंदे पर झूल गया।

पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और पिछले 40 सालों से फरीदाबाद में रह रहा है। मृतक के पिता इंडियन ऑयल कंपनी, सेक्टर 12 से रिटायर्ड हैं। परिवार पर पहले से ही दुखों का पहाड़ टूट चुका है, क्योंकि निखिल के बड़े भाई मनीष की पत्नी का भी इसी साल फरवरी में हार्ट अटैक से निधन हो गया था। इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैला दी है।