HCMS डॉक्टरों की हड़ताल खत्म, जानें सरकार ने क्या दिया लिखित आश्वासन
HCMS डॉक्टरों की चार दिन चली हड़ताल सरकार के लिखित आश्वासन के बाद खत्म हो गई। वेतन मिलेगा, अनुपस्थिति देय अवकाश मानी जाएगी और आयुष्मान इंसेंटिव देने पर सहमति बनी।
-
HCMS डॉक्टरों की हड़ताल खत्म, सरकार ने लिखित आश्वासन दिया
-
हड़ताल अवधि का वेतन मिलेगा, अनुपस्थिति को देय अवकाश माना जाएगा
-
आयुष्मान भारत इंसेंटिव देने पर सहमति, ACP में बदलाव अभी नहीं
हरियाणा में चार दिन से चल रही HCMS डॉक्टरों की हड़ताल शुक्रवार देर शाम खत्म हो गई। डॉक्टरों और सरकार के बीच लंबी वार्ता के बाद आखिरकार समझौता हो गया। सरकार ने लिखित रूप से आश्वासन दिया है कि हड़ताल अवधि का वेतन दिया जाएगा और डॉक्टरों की अनुपस्थिति को देय अवकाश माना जाएगा।
मुख्य मांग एश्योर्ड करियर प्रोग्रेशन (ACP) में बदलाव को लेकर विवाद बना हुआ था। वार्ता में यह मुद्दा सुलझ नहीं पाया, लेकिन सरकार ने विकल्प के तौर पर आयुष्मान भारत योजना के तहत इंसेंटिव देने का प्रस्ताव रखा, जिसे डॉक्टरों ने स्वीकार कर लिया।
वार्ता के दौरान स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने मौखिक आश्वासन दिया, लेकिन डॉक्टरों ने स्पष्ट कहा कि वे तभी लौटेंगे जब सरकार लिखित भरोसा देगी। इसके बाद मंत्री देर शाम सीएम आवास पहुंचीं और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर लिखित सहमति तैयार की गई। कागज पर मुहर लगते ही HCMS एसोसिएशन अध्यक्ष डॉ. राजेश ख्यालिया ने हड़ताल खत्म करने की घोषणा कर दी।
डॉक्टरों की हड़ताल के कारण चार दिनों तक राज्यभर में मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ओपीडी सेवाएं प्रभावित रहीं और कई मरीजों को इलाज कराने के लिए निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ा।
सरकार ने शर्त रखी है कि HCMS एसोसिएशन भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं को बाधित नहीं करेगा। वहीं डॉक्टरों ने कहा कि उनकी मांगों पर आगे भी सकारात्मक कार्रवाई जारी रहे।
Author1