हरियाणा में घना कोहरा: IMD का येलो अलर्ट, 10 जिलों में विजिबिल्टिी रहेगी बेहद कम
हरियाणा में अगले दो दिनों तक गहरी धुंध की संभावना। IMD ने 10 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया। दृश्यता कम, तापमान में गिरावट और सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस का निर्देश।
-
हरियाणा में अगले दो दिनों तक घना कोहरा, IMD ने 10 जिलों में येलो अलर्ट जारी
-
दक्षिण हरियाणा में दृश्यता बेहद कम रहने की चेतावनी, तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव
-
पुलिस और मौसम विभाग ने लोगों व किसानों को सतर्क रहने की अपील
हरियाणा में अगले दो दिनों तक गहरी धुंध छाने की संभावना जताई गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के 10 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। दक्षिण हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में दृश्यता अत्यंत कम रहने की चेतावनी दी गई है और लोगों को सुबह व देर रात यात्रा करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
इन जिलों में रहेगा धुंध का असर
IMD के अनुसार जिन जिलों में धुंध की तीव्रता अधिक रहेगी, उनमें रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, पलवल, भिवानी, चरखी-दादरी, झज्जर और रोहतक शामिल हैं। पिछले 24 घंटों में राज्य का मौसम शुष्क बना रहा है और अधिकतम तापमान में 0.5°C की हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है।
तापमान मामूली बढ़ा, मौसम शुष्क
राज्य में सबसे अधिक तापमान 27.2°C पलवल (AWS) में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.1°C कम रहा। सबसे कम तापमान 5.5°C कैथल के कौल में रिकॉर्ड किया गया। हिसार में न्यूनतम तापमान 6°C के करीब बना हुआ है।
उत्तर-पश्चिमी हवा और बढ़ेगी ठंड
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते अगले दिनों में तापमान में और गिरावट संभव है। कई जिलों में सुबह के समय कोहरा और हल्की धुंध देखी जा रही है।
कृषि मौसम विज्ञान विभाग, सीसीएसएचएयू हिसार के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में 28 नवंबर तक मौसम खुश्क रहने का अनुमान है। आंशिक बादलवाई रहने से दिन के तापमान में कमी आएगी।
सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने अपील की
पुलिस प्रशासन ने धुंध के कारण बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए वाहन चालकों को सतर्क रहने को कहा है। ट्रैफिक पुलिस ने यात्रा से पहले हेडलाइट, इंडिकेटर और फॉग लाइट की जांच करने, तेज रफ्तार से बचने और वाहन में पर्याप्त दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।
किसानों और आम नागरिकों के लिए निर्देश
मौसम विभाग ने किसानों और नागरिकों को सलाह दी है कि सुबह के समय कोहरे और ठंड से बचाव रखें और जरूरी कार्य दिन के समय ही पूरा करें।
Author1