कांगड़ा में कार खाई में गिरी, 3 की मौत :एक ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के शाहपुर क्षेत्र में कार खाई में गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर घायल हैं।
■ कांगड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा, एक ही परिवार के 3 की मौत
■ कार खाई में गिरी, पति और दो बेटियों की मौके पर मौत
■ पत्नी और एक बेटी गंभीर, टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा धारकंडी मार्ग पर घेरा गांव के पास हनुमान मंदिर के नजदीक हुआ, जहां एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
जानकारी के अनुसार, हादसे का पता शनिवार सुबह उस समय चला जब राहगीरों ने सड़क के नीचे खाई में गिरी क्षतिग्रस्त कार को देखा। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। आशंका जताई जा रही है कि हादसा रात के समय हुआ, जिससे घायलों को समय पर मदद नहीं मिल सकी।
हादसे में शिक्षक करण और उनकी दो बेटियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और एक अन्य बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने राहत कार्य चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया।
सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण सड़क की खराब हालत या अंधेरे में वाहन से नियंत्रण खोना माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
shubham