Indian Railway: तत्काल टिकट पर नई सख्ती, OTP के बिना बुकिंग बंद

1 दिसंबर 2025 से तत्काल टिकट बुकिंग में OTP अनिवार्य होगा। बिना OTP टिकट नहीं बन सकेगा। रेलवे ने फर्जी बुकिंग रोकने और पारदर्शिता के लिए नया सिस्टम लागू किया।

Indian Railway: तत्काल टिकट पर नई सख्ती, OTP के बिना बुकिंग बंद
  • 1 दिसंबर से तत्काल टिकट बुकिंग में बड़ा बदलाव
  • OTP दर्ज किए बिना टिकट बुक नहीं होगा
  • फर्जी बुकिंग रोकने और पारदर्शिता के लिए रेलवे का कदम


पश्चिम रेलवे ने तत्काल टिकट बुकिंग सिस्टम में बड़ा बदलाव करते हुए घोषणा की है कि 1 दिसंबर 2025 से अब बिना OTP (वन टाइम पासवर्ड) दर्ज किए कोई भी तत्काल ट्रेन टिकट बुक नहीं किया जा सकेगा। यह नियम ऑनलाइन और PRS काउंटर दोनों पर एक समान रूप से लागू होगा।

रेलवे के अनुसार यह नई व्यवस्था सबसे पहले मुंबई सेंट्रल–अहमदाबाद शताब्दी एक्सप्रेस (12009/12010) से लागू की जाएगी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से पूरे देश में लागू किया जाएगा। रेलवे का कहना है कि यह सिस्टम फर्जी बुकिंग पर रोक लगाने, टिकट माफिया की दलाली खत्म करने और आम यात्रियों को राहत देने के लिए लाया गया है।

OTP क्यों जरूरी?
पिछले वर्षों में देखा गया था कि तत्काल बुकिंग शुरू होते ही मिनटों में टिकट खत्म हो जाते थे और अधिकतर टिकट एजेंटों एवं दलालों द्वारा बुक कर लिए जाते थे। कई यात्री टिकट के लिए परेशान होते थे। अब OTP सिस्टम के कारण गलत या फर्जी मोबाइल नंबर से बुकिंग संभव नहीं होगी।

नया सिस्टम कैसे काम करेगा?
टिकट बुकिंग के समय यात्री अपना मोबाइल नंबर दर्ज करेगा
उसी नंबर पर OTP भेजा जाएगा
OTP दर्ज होने के बाद ही बुकिंग प्रक्रिया पूरी होगी
इसके अलावा एक मोबाइल नंबर से अनियमित रूप से अधिक टिकट बुक नहीं किए जा सकेंगे।

कहां लागू होगा यह नियम?

  • IRCTC वेबसाइट

  • IRCTC मोबाइल ऐप

  • कंप्यूटरीकृत PRS काउंटर

  • अधिकृत रेलवे एजेंट

रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि मोबाइल नंबर सक्रिय रखें, नेटवर्क सुनिश्चित करें और आवश्यक होने पर पहले से नंबर अपडेट कर लें, क्योंकि बिना OTP टिकट बुक नहीं होगा।

रेलवे का दावा है कि यह बदलाव तत्काल टिकट बुकिंग को पारदर्शी, निष्पक्ष और सरल बनाएगा और इसका सबसे बड़ा लाभ आपात स्थिति में यात्रा करने वाले आम यात्रियों को मिलेगा।