हरियाणा का गोल्डन पंच: कॉमनवेल्थ गेम्स में 5 बॉक्सरों ने जीते स्वर्ण, भिवानी बना गोल्ड की फैक्ट्री
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में हरियाणा के पांच बॉक्सरों ने स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। सचिन सिवाच के गोल्ड के साथ प्रीति, जैस्मिन, साक्षी और प्रिया ने भी प्रदेश का मान बढ़ाया।
➤ सचिन सिवाच के गोल्ड के साथ हरियाणा के बॉक्सरों ने जीते 5 स्वर्ण पदक
➤ भिवानी की प्रीति, जैस्मिन, साक्षी, प्रिया और सचिन ने रचा इतिहास
➤ अंकुश पंघाल और नरेंद्र बेरवाल से भी गोल्ड की उम्मीद बरकरार
भिवानी। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में हरियाणा के मुक्केबाजों ने इतिहास रच दिया है। शनिवार को भिवानी के सचिन सिवाच ने पुरुष 60 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में शानदार जीत दर्ज कर राज्य को बॉक्सिंग में पांचवां स्वर्ण पदक दिला दिया। इससे पहले प्रीति पंवार, जैस्मिन लांबोरिया, साक्षी चौधरी और प्रिया घनघस भी अपने-अपने वर्ग में गोल्ड जीत चुकी थीं। लगातार मिल रही इन सफलताओं ने हरियाणा को भारतीय बॉक्सिंग का सबसे मजबूत गढ़ साबित कर दिया है।
सचिन का फाइनल मुकाबला नामीबिया के ट्रायगेन मॉर्निंग न्देवेलो से हुआ। मुकाबला आखिरी राउंड तक बेहद रोमांचक रहा। अंतिम क्षणों में सचिन ने शानदार पंच लगाते हुए 3-2 के अंतर से जीत दर्ज कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
भिवानी में जश्न, गांवों में बजे पटाखे
प्रिया घनघस के धनाना गांव में गोल्ड जीतने की खबर मिलते ही ग्रामीणों ने पटाखे फोड़कर खुशी मनाई। गांव में बड़ी स्क्रीन लगाकर लोगों ने मुकाबला देखा और जीत के बाद मिठाइयां बांटी गईं। वहीं साक्षी चौधरी के घर पर भी परिवार और ग्रामीणों ने लड्डू बांटकर जश्न मनाया।
प्रिया बोलीं- अब खाऊंगी घेवर
गोल्ड जीतने के बाद प्रिया घनघस ने मुस्कुराते हुए कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स की तैयारी के दौरान उन्होंने अपना वजन नियंत्रित रखने के लिए मिठाई खाना पूरी तरह छोड़ दिया था। अब गोल्ड जीतने के बाद सबसे पहले घेवर खाएंगी, क्योंकि इस समय घेवर का सीजन भी चल रहा है।
साक्षी के माता-पिता हुए भावुक
साक्षी चौधरी ने फाइनल में 5-0 के अंतर से जीत दर्ज की। उनकी जीत के बाद पिता मनोज कुमार ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि उनकी बेटी भविष्य में एशियन गेम्स और ओलंपिक में भी भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतेगी। वहीं मां शीला देवी ने कहा कि साक्षी की सफलता उसकी वर्षों की मेहनत का परिणाम है।
अब दो और गोल्ड की उम्मीद
हरियाणा की नजर अब हिसार के अंकुश पंघाल और हांसी के नरेंद्र बेरवाल पर है। दोनों मुक्केबाज अपने-अपने फाइनल मुकाबले खेलेंगे। यदि दोनों भी स्वर्ण जीतते हैं तो हरियाणा के लिए यह कॉमनवेल्थ गेम्स ऐतिहासिक बन जाएंगे।
Akhil Mahajan