हिसार में सनसनी: वाटर टैंक में मिले मां और दो मासूम बच्चों के शव, पूरे गांव में पसरा मातम

हिसार के मलापुर गांव में शुक्रवार से लापता महिला और उसके दो बच्चों के शव जलघर के वाटर टैंक से बरामद हुए। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है।

हिसार में सनसनी: वाटर टैंक में मिले मां और दो मासूम बच्चों के शव, पूरे गांव में पसरा मातम

शुक्रवार से लापता महिला और उसके दो बच्चों के शव शनिवार को जलघर के वाटर टैंक में मिले
पुलिस, एफएसएल और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे, हर पहलू से जांच शुरू
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह होगी साफ


हिसार। हरियाणा के हिसार जिले के अग्रोहा थाना क्षेत्र स्थित मलापुर गांव में शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। शुक्रवार से लापता 33 वर्षीय महिला और उसके दो मासूम बच्चों के शव गांव के जलघर स्थित वाटर टैंक से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, मलापुर गांव निवासी अमित कुमार की पत्नी मुकेश (33) शुक्रवार को अपने दोनों बच्चों वंश और वर्षा के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई थीं। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, लेकिन तीनों का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मामले की सूचना अग्रोहा थाना पुलिस को दी गई।

वाटर टैंक में दिखाई दिए शव

शनिवार दोपहर गांव के जलघर स्थित वाटर टैंक में तीनों के शव दिखाई देने पर ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों शवों को बाहर निकलवाया। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।

मजदूरी करता है महिला का पति

ग्रामीणों के अनुसार, मृतका का पति अमित कुमार मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। परिवार की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।

हर एंगल से जांच कर रही पुलिस

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के कारणों और घटना की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।

पुलिस ने फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है और परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।