हरियाणा भाजपा की नई टीम घोषित, भव्य बिश्नोई और लक्ष्मण यादव को बड़ी जिम्मेदारी

हरियाणा भाजपा अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा की। भव्य बिश्नोई, लक्ष्मण यादव सहित 8 प्रदेश उपाध्यक्ष, 3 महामंत्री और 9 प्रदेश मंत्रियों की नियुक्ति की गई।

हरियाणा भाजपा की नई टीम घोषित, भव्य बिश्नोई और लक्ष्मण यादव को बड़ी जिम्मेदारी

प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने भाजपा की नई प्रदेश टीम का किया ऐलान
भव्य बिश्नोई, लक्ष्मण यादव समेत 8 प्रदेश उपाध्यक्ष, 3 महामंत्री और 9 मंत्री नियुक्त
संगठन में नए चेहरों को जिम्मेदारी, कई जिलों और सामाजिक वर्गों को मिला प्रतिनिधित्व


पंचकूला। हरियाणा भाजपा ने संगठन को नई मजबूती देने के उद्देश्य से प्रदेश स्तर पर बड़े पैमाने पर संगठनात्मक नियुक्तियों की घोषणा की है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की सहमति के बाद नई प्रदेश कार्यकारिणी की सूची जारी की। नई सूची में 8 प्रदेश उपाध्यक्ष, 3 प्रदेश महामंत्री और 9 प्रदेश मंत्री नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा कोषाध्यक्ष, कार्यालय प्रबंधन, मीडिया, आईटी और विभिन्न प्रकोष्ठों में भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। नई टीम में पंचकूला की लतिका शर्मा, रेवाड़ी के लक्ष्मण यादव, फतेहाबाद की सुनीता दुग्गल, हिसार के भव्य बिश्नोई, पलवल के दीपक मंगला, जींद के जवाहर सैनी, कैथल के अशोक गुर्जर और फतेहाबाद के रविंद्र बलियाला को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है।

भव्य बिश्नोई और लक्ष्मण यादव की बढ़ी राजनीतिक अहमियत

नई नियुक्तियों में सबसे अधिक चर्चा भव्य बिश्नोई और रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण यादव की रही। लंबे समय से पार्टी के भीतर विभिन्न मुद्दों को लेकर चर्चा में रहे कुलदीप बिश्नोई के बेटे भव्य बिश्नोई को संगठन में बड़ी जिम्मेदारी देकर भाजपा ने स्पष्ट संकेत दिए हैं। वहीं, अहीरवाल की राजनीति में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और लक्ष्मण यादव के बीच चल रही राजनीतिक खींचतान के बीच लक्ष्मण यादव को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाकर संगठन ने उनका कद और बढ़ा दिया है।

3 प्रदेश महामंत्री बनाए गए

भाजपा ने गोपाल शर्मा (फरीदाबाद), सत्यप्रकाश जरावता (गुरुग्राम) और वेद फुल्ला (फतेहाबाद) को प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया है।

9 नेताओं को प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी

प्रदेश मंत्री के रूप में मदन चौहान (यमुनानगर), हरविंद कोहली (गुरुग्राम), अमरपाल राणा (जींद), प्रतिभा सुमन (रोहतक), मीना चौहान (करनाल), नागेंद्र शर्मा (रोहतक), विकास दहिया (सोनीपत), रवि बत्तान (कुरुक्षेत्र) और गुरप्रीत कौर (अंबाला) को जिम्मेदारी दी गई है।

कोषाध्यक्ष और कार्यालय प्रबंधन में भी बदलाव

अजय बंसल (रोहतक) को प्रदेश कोषाध्यक्ष बनाया गया है। नरेंद्र गुप्ता (फरीदाबाद) सह-कोषाध्यक्ष, हरीश कृष्ण यादव (झज्जर) कार्यालय मंत्री और रामेश्वर चौहान (यमुनानगर) सह-कार्यालय मंत्री बनाए गए हैं।

इसके अलावा मुकेश गौड़ (भिवानी) को प्रदेश प्रकोष्ठ प्रभारी तथा मनीष यादव (गुरुग्राम) को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।

संगठन को मजबूत करने की कवायद

भाजपा का कहना है कि नई नियुक्तियों के जरिए प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों, सामाजिक वर्गों और कार्यकर्ताओं को संगठन में प्रतिनिधित्व दिया गया है। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं और आने वाले संगठनात्मक कार्यक्रमों की जिम्मेदारी नई टीम संभालेगी।