पत्‍नी की मौ*त के मामले में इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी शीलू उसके पिता और भाई पुलिस हिरासत में

रोहतक में इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा की पत्नी मुस्कान की मौत के मामले में नया मोड़ आया है। अंतिम संस्कार के बाद पिता और पति के बीच बहस हुई, जबकि पुलिस ने शीलू, उसके पिता और भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पत्‍नी की मौ*त के मामले में इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी शीलू उसके पिता और भाई पुलिस हिरासत में

➤ अंतिम संस्कार के बाद शीलू और मुस्कान के पिता के बीच 10 मिनट तक हुई तीखी बहस

➤ दोनों गांवों की पंचायत में नहीं बनी सहमति, मायके पक्ष ने 10 दिन की मोहलत ठुकराई

➤ रोहतक पुलिस ने पति, पिता और भाई को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ, CCTV भी कब्जे में


रोहतक के बहु अकबरपुर गांव में इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा की पत्नी मुस्कान (23) की संदिग्ध मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शनिवार को हुए अंतिम संस्कार के दौरान पति शीलू बल्हारा और मुस्कान के पिता सुखबीर सिंह के बीच करीब 10 मिनट तक अकेले बातचीत हुई, जो बाद में तीखी बहस में बदल गई। इसके तुरंत बाद रोहतक पुलिस ने शीलू, उसके पिता सुरेंद्र बल्हारा और भाई मनीष को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

श्मशान घाट में आमने-सामने आए दोनों पक्ष

शनिवार शाम करीब 5 बजे बहु अकबरपुर गांव में मुस्कान का अंतिम संस्कार किया गया। परंपरा के अनुसार पति शीलू बल्हारा ने ही पत्नी को मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार में दोनों गांवों के ग्रामीण और पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे। इसी दौरान श्मशान घाट के एक कोने में शीलू और मुस्कान के पिता की अलग से बातचीत हुई, जो कुछ ही मिनटों में विवाद में बदल गई।

अंतिम संस्कार के बाद पुलिस की कार्रवाई

अंतिम संस्कार पूरा होते ही बहु अकबरपुर थाना पुलिस ने श्मशान घाट से ही शीलू, उसके पिता और भाई को हिरासत में ले लिया। तीनों से थाने में पूछताछ की गई। पुलिस का कहना है कि अभी किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच जारी है।

बहु अकबरपुर गांव में मुस्कान का अंतिम संस्कार किया गया। पति शीलू ने ही उन्हें मुखाग्नि दी।

दो गांवों की पंचायत में नहीं निकला समाधान

अंतिम संस्कार के बाद पहले बहु अकबरपुर गांव में पंचायत बुलाई गई। पंचायत ने फैसला लिया कि मुस्कान के मायके फरमाना गांव जाकर बातचीत की जाएगी।

रात करीब 8 बजे बहु अकबरपुर की पंचायत फरमाना पहुंची, जहां मायके पक्ष और गांव के पंचों के साथ बैठक हुई। ससुराल पक्ष की ओर से आग्रह किया गया कि शीलू और उसके परिवार पर 10 दिन तक कोई कार्रवाई न की जाए, ताकि पूरे मामले को शांतिपूर्वक समझा जा सके।

हालांकि मुस्कान के पिता सुखबीर सिंह ने यह मांग सिरे से खारिज कर दी। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी के साथ अन्याय हुआ है और अब तत्काल कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। इसके बाद पंचायत बिना किसी सहमति के समाप्त हो गई।

मुस्कान के पिता सुखबीर सिंह।

महिलाओं ने लगाए चोट के निशानों के आरोप

मुस्कान ने शुक्रवार शाम अपनी ससुराल में फांसी लगाकर जान दे दी थी। शव मिलने के बाद गांव की कुछ महिलाओं ने वीडियो जारी कर दावा किया कि मुस्कान के शरीर पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस ने कब्जे में ली CCTV फुटेज

SHO जसबीर ने बताया कि मुस्कान के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच के तहत शीलू के घर की CCTV फुटेज कब्जे में ली गई है। पुलिस सभी डिजिटल और फोरेंसिक साक्ष्यों के साथ मामले की जांच कर रही है।

वहीं बहु अकबरपुर के सरपंच प्रतिनिधि सत्यवान ने बताया कि पंचायत प्रतिनिधियों ने महम DSP तनुज शर्मा से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। पंचायत का कहना है कि बिना पूरी जांच किसी के खिलाफ एकतरफा कार्रवाई नहीं होनी चाहिए।