सोनीपत में शादी से लौट रहे पानीपत के तीन युवक हादसे का शिकार, मिली दर्दनाक.....
पानीपत में नांगल खेड़ी कट के पास भीषण सड़क हादसा। सोनीपत से शादी से लौट रहे तीन युवकों की बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी। हादसे में बबैल गांव के युवक की मौत, दो घायल। पुलिस ने वाहन की तलाश शुरू की।
➤ पानीपत में दर्दनाक सड़क हादसा बाइक-गाड़ी की टक्कर में युवक की मौत 2 साथी घायल
➤ सोनीपत से शादी समारोह से लौट रहे थे तीनों युवक मृतक के शरीर के हुए कई टुकड़े
➤ अज्ञात वाहन ने नांगल खेड़ी कट के पास मारी टक्कर पुलिस ने शुरू की तलाश
पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले में शनिवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तीन युवक सोनीपत में शादी समारोह से लौटकर गांव बबैल जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार रात करीब 1 बजे नांगल खेड़ी कट के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर जा गिरे। पीछे बैठा युवक वाहन के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि मृतक के शरीर के कई टुकड़े हो गए।
मृतक की पहचान संदीप निवासी बबैल के रूप में हुई है। जबकि बाइक चालक सोनू और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को सिविल अस्पताल पानीपत में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही सेक्टर 29 थाना प्रभारी अनिल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन फरार हो गया। उसकी तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नांगल खेड़ी कट पर अंधेरा और उचित सिग्नल न होने के कारण यहां अक्सर हादसे होते रहते हैं। जनसेवा दल के चमन गुलाठी ने बताया कि मृतक के शरीर के टुकड़ों को एकत्र कर परिवार को सूचना दी गई।
Author1