राम मंदिर चंदा विवाद पर AAP का बड़ा अभियान, हरियाणा में महा-हस्ताक्षर अभियान शुरू
पानीपत में आम आदमी पार्टी ने राम मंदिर चंदा विवाद को लेकर हरियाणा में महा-हस्ताक्षर अभियान शुरू किया। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
➤ राम मंदिर चंदा मामले में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर AAP का अभियान
➤ हनुमान चालीसा पाठ और हस्ताक्षर अभियान के जरिए प्रधानमंत्री को भेजे जाएंगे पत्र
➤ सोनम वांगचुक मामले और भ्रष्टाचार को लेकर भी भाजपा सरकार पर साधा निशाना
पानीपत। आम आदमी पार्टी (AAP) ने राम मंदिर चंदा विवाद को लेकर हरियाणा में बड़ा जन अभियान शुरू किया है। पार्टी के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने रविवार को पानीपत में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए चंदे में कथित गड़बड़ी से करोड़ों राम भक्तों की आस्था को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर 14 जुलाई से पूरे हरियाणा में महा-हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है।
डॉ. गुप्ता ने बताया कि अभियान के तहत आम नागरिकों से प्रधानमंत्री के नाम लिखे गए पत्र पर हस्ताक्षर कराए जा रहे हैं। कार्यक्रम की शुरुआत हनुमान चालीसा पाठ और श्रीराम आरती के साथ की गई। इस दौरान पार्टी के कई प्रदेश और जिला पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री को भेजे जाएंगे हस्ताक्षरयुक्त पत्र
डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि यह अभियान देशभर के श्रद्धालुओं की भावनाओं को प्रधानमंत्री तक पहुंचाने का प्रयास है। उन्होंने आरोप लगाया कि श्रद्धालुओं ने अपनी आस्था के साथ मंदिर निर्माण के लिए दान दिया था और यदि उसमें किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
सोनम वांगचुक के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा
प्रेस वार्ता के दौरान डॉ. सुशील गुप्ता ने सामाजिक कार्यकर्ता और वैज्ञानिक सोनम वांगचुक के साथ हुई पुलिस कार्रवाई की भी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे लोगों के साथ बल प्रयोग उचित नहीं है। उन्होंने वांगचुक के इलाज की न्यायिक निगरानी और केंद्र सरकार से संवाद का रास्ता अपनाने की मांग की।
भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए
डॉ. गुप्ता ने हरियाणा और मध्य प्रदेश की भाजपा सरकारों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि विभिन्न सरकारी योजनाओं और नियुक्तियों में पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इन मुद्दों पर जनता के बीच जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।
धार्मिक कार्यक्रमों के साथ चलाया जाएगा अभियान
पार्टी के अनुसार आगामी दिनों में हरियाणा के सभी जिलों में हनुमान चालीसा पाठ, आरती और हस्ताक्षर अभियान आयोजित किए जाएंगे। अभियान के तहत एकत्र किए गए हस्ताक्षर प्रधानमंत्री को भेजे जाएंगे।
Akhil Mahajan