हरियाणा में बदला मौसम, कई जिलों में बारिश की दस्तक: 4 जिलों में यलो अलर्ट, करनाल में जलभराव
हरियाणा में मौसम बदलने के साथ करनाल और नारनौल में बारिश हुई। 4 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। 22 जुलाई तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना है।
➤ करनाल और नारनौल में बारिश, भीषण गर्मी और उमस से मिली राहत
➤ पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में भारी बारिश का यलो अलर्ट
➤ बारिश से बिजली की मांग घटी, 22 जुलाई तक मानसून रहेगा सक्रिय
हिसार। हरियाणा में रविवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। करनाल और नारनौल में बारिश होने से पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली। हालांकि, करनाल में करीब आधे घंटे की तेज बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव हो गया। सेक्टर-13 मार्केट में एक फीट से अधिक पानी भरने से लोगों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
वहीं सोनीपत, हिसार और आसपास के कई जिलों में बादल छाए रहे और तेज हवाएं चलीं। मौसम विभाग का कहना है कि रविवार से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी और आने वाले दिनों में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा।
4 जिलों में यलो अलर्ट जारी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं प्रदेश के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार 20 से 22 जुलाई के बीच मानसून अपने चरम पर रहेगा।
22 जुलाई तक होगी अच्छी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 20 और 21 जुलाई को यमुनानगर, अंबाला, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, करनाल और कैथल में गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। 22 जुलाई को भी उत्तरी हरियाणा में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। वहीं सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और जींद सहित दक्षिण और पश्चिमी हरियाणा के कई इलाकों में भी अच्छी बारिश के आसार हैं।
बारिश से घटी बिजली की मांग
मौसम में बदलाव का असर बिजली की मांग पर भी दिखाई दिया। 17 जुलाई को भीषण गर्मी के कारण प्रदेश में बिजली की मांग 14,429 मेगावाट के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी। लेकिन 18 जुलाई को मौसम बदलने और तापमान में गिरावट के बाद यह घटकर 13,887 मेगावाट रह गई।
सिरसा रहा सबसे गर्म, रात में भी रही उमस
बारिश से पहले प्रदेश में गर्मी का असर बरकरार रहा। सिरसा में अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रोहतक में 40.3°C, हिसार में 39.7°C और भिवानी में 39.5°C तापमान रिकॉर्ड हुआ। न्यूनतम तापमान की बात करें तो फरीदाबाद और नूंह में 31.2°C तथा सिरसा में 30.8°C तापमान दर्ज किया गया, जिससे रात के समय भी उमस बनी रही।
Akhil Mahajan