➤ अभय चौटाला सोनीपत पहुंचे, 25 सितंबर रैली का न्यौता दिया
➤ कांग्रेस-जेजेपी पर तीखे हमले, हुड्डा पर बड़ा बयान
➤ बोले—GST के नाम पर लूट की थी, अब राहत की बातें कर रहे हैं
सुशील मोर
सोनीपत — इनेलो सुप्रीमो अभय चौटाला ने सोनीपत पहुंचकर आगामी 25 सितंबर को चौधरी देवीलाल जयंती के मौके पर होने वाली सम्मान दिवस रैली को लेकर जनसंपर्क किया और लोगों को इसमें शामिल होने का निमंत्रण दिया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और जेजेपी पर जमकर निशाना साधा और कई राजनीतिक तीर छोड़े।
अभय चौटाला ने कहा कि प्रदेश की राजनीति में कुछ "जयचंदों" ने अलग पार्टी बनाकर 2019 में भाजपा की सरकार बनवाई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता को दोनों हाथों से लूटने का काम किया गया है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि हुड्डा ने तीसरी बार भाजपा को सरकार दिलाई।
हुड्डा द्वारा दिए गए उस बयान पर भी अभय ने प्रतिक्रिया दी जिसमें कहा गया था कि उनके ऊपर गोलियां चलवाई गई थीं। इस पर अभय चौटाला ने कहा कि "इसका जवाब मैं 25 तारीख को दूंगा।" उन्होंने दावा किया कि वे प्रदेश के नब्बे में नब्बे विधानसभा हलकों का दौरा कर चुके हैं और जनता अब कांग्रेस व जेजेपी की साजिश को समझ चुकी है।
उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग इनेलो छोड़कर जेजेपी में गए थे, उनमें से 99 प्रतिशत अब वापिस पार्टी में लौट रहे हैं। अभय ने भरोसा जताया कि 25 सितंबर की रैली में पुराने सभी साथी एकजुट होकर वापसी करेंगे।
GST सुधारों को लेकर अभय चौटाला ने भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पहले ये ही लोग टैक्स लगाकर जनता से लूटते थे और अब राहत देने की बात कर रहे हैं। "क्या जनता का पैसा वापिस करेंगे?" उन्होंने सवाल उठाया।