अभय चौटाला के बयान पर सुमित बैनिवाल का पलटवार, बोले- जुबान पर लगाम रखें,इनेलो पर भी साधा निशाना
सिरसा में अभय सिंह चौटाला के बयान पर विधायक भरत सिंह बैनिवाल के बेटे सुमित बैनिवाल ने पलटवार किया। बयानबाजी के बाद क्षेत्र की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है।
अभय चौटाला के बयान पर विधायक पुत्र सुमित बैनिवाल का तीखा पलटवार
सुमित बोले- जुबान पर लगाम रखें, असभ्य भाषा लोकतंत्र में स्वीकार नहीं
इनेलो पर निशाना, कहा- 85 सीटों वाली पार्टी को 2 सीटों तक पहुंचाने का कारण अहंकार
हरियाणा के सिरसा जिले में इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला के बयान को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। ऐलनाबाद से विधायक भरत सिंह बैनिवाल पर की गई टिप्पणी के बाद उनके बेटे सुमित बैनिवाल ने वीडियो जारी कर तीखा पलटवार किया है। इस बयानबाजी के बाद क्षेत्र की राजनीति में नई बहस शुरू हो गई है।
सुमित बैनिवाल ने कहा कि अभय सिंह चौटाला ने ऐलनाबाद दौरे के दौरान विधायक भरत सिंह बैनिवाल के लिए बेहद निम्न स्तर की भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में किसी भी नेता को मर्यादित भाषा का प्रयोग करना चाहिए और लोकतंत्र में व्यक्तिगत टिप्पणी की कोई जगह नहीं है।
सुमित ने कहा कि इनेलो की वर्तमान स्थिति के लिए कोई और नहीं बल्कि स्वयं उसके नेताओं की कार्यशैली और भाषा जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि कभी चौधरी देवीलाल के नेतृत्व में 85 सीटों तक पहुंची पार्टी आज दो सीटों तक सिमट गई है। इसके पीछे नेताओं का अहंकार और जनता से दूर होती सोच मुख्य कारण रही है।
उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में ऐलनाबाद की जनता ने करीब 15 हजार वोटों से जवाब दिया था, लेकिन वह हार आज तक स्वीकार नहीं की गई। सुमित ने आरोप लगाया कि कुछ नेता आज भी हलके को अपनी जागीर समझते हैं, जबकि जनता लोकतांत्रिक तरीके से अपना फैसला सुना चुकी है।
सुमित बैनिवाल ने कहा कि लोकतंत्र में किसी भी जनप्रतिनिधि की आलोचना की जा सकती है, लेकिन अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि नेताओं को उतना ही बोलना चाहिए, जितना वे स्वयं सुन सकें।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अभय चौटाला को दो साल बाद ऐलनाबाद की याद आई है। उनके अनुसार पिछले वर्ष भारी बारिश और फसलों के नुकसान के दौरान इनेलो नेतृत्व क्षेत्र के लोगों का हालचाल जानने नहीं पहुंचा, जबकि अब रैली के लिए लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है।
सुमित ने अपने वीडियो में यह भी दावा किया कि पिछली राजनीतिक परिस्थितियों में जनता सब कुछ देख चुकी है और किसी भी प्रकार के प्रचार से भ्रमित होने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में भी ऐसी ही भाषा और राजनीति जारी रही तो जनता फिर जवाब देगी।
इस पूरे घटनाक्रम में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष संतोष बैनिवाल भी विधायक भरत सिंह बैनिवाल के समर्थन में सामने आए। उन्होंने कहा कि जनता अपना विश्वास पहले ही जता चुकी है और लोकतांत्रिक फैसले का सम्मान किया जाना चाहिए।
वहीं, अभय सिंह चौटाला ने अपने संबोधन में विधायक भरत सिंह बैनिवाल की कार्यशैली और विधानसभा में उनकी भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि विधायक जनता की आवाज प्रभावी ढंग से नहीं उठा पा रहे हैं। साथ ही उन्होंने अपने कार्यकाल और क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।
इस मामले में दोनों पक्षों के बयान सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहे हैं। समर्थकों की ओर से अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोगों ने सुमित बैनिवाल के बयान का समर्थन किया, जबकि कुछ ने दोनों नेताओं से राजनीतिक मर्यादा बनाए रखने की अपील की।
pooja