हरियाणा में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार कार ने लोगों को कुचला, महिला की मौके पर मौ*त, 5 घायल
सिरसा के तलवाड़ा खुर्द गांव में तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने सैर कर रहे लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की मौत हुई जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सिरसा में तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने सैर कर रहे परिवार को कुचला
35 वर्षीय महिला की मौके पर मौत, 5 लोग गंभीर घायल
हादसे के बाद चालक फरार, पुलिस तलाश में जुटी
हरियाणा के सिरसा जिले में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। ऐलनाबाद उपमंडल के गांव तलवाड़ा खुर्द के पास एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने सड़क किनारे सैर कर रहे लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब 9:30 बजे कुछ परिवार रोजाना की तरह भोजन के बाद टहलने निकले थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर सैर कर रहे लोगों की तरफ आ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और सड़क किनारे चल रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे में 35 वर्षीय सोनू पत्नी जगमोहन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके परिवार के सदस्यों सहित कुल पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और वाहन तथा चालक की तलाश शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव तलवाड़ा खुर्द में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
pooja