युवक की चाकू मारकर ह*त्या, प्रेम प्रसंग को लेकर आरोप

सिरसा में 22 वर्षीय युवक संदीप कुमार की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। परिजनों ने प्रेम प्रसंग को वजह बताते हुए युवती के परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

युवक की चाकू मारकर ह*त्या, प्रेम प्रसंग को लेकर आरोप

सिरसा में 22 वर्षीय युवक संदीप कुमार की चाकू से हमला कर हत्या

परिजनों ने प्रेम प्रसंग को बताया हत्या की वजह, युवती के परिवार पर लगाए आरोप

घायल अवस्था में संदीप के बयान और व्हाट्सएप चैट के आधार पर कार्रवाई की मांग

हरियाणा के सिरसा में एक 22 वर्षीय युवक की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान संजय कॉलोनी निवासी संदीप कुमार के रूप में हुई है। वह एक क्रोकरी की दुकान पर काम करता था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब 10 बजे संदीप दुर्गा माता मंदिर चौक की तरफ गया था। इसी दौरान कुछ युवकों ने उस पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। हमलावरों ने उसकी पीठ, हाथ और पेट पर कई वार किए और उसे गंभीर हालत में मौके पर छोड़कर फरार हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि संदीप का एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग था और दोनों की फोन पर बातचीत होती थी। परिजनों का कहना है कि युवती के परिवार को भी इस संबंध की जानकारी थी।

परिजनों के मुताबिक कुछ दिन पहले युवती के परिजन संदीप के घर भी आए थे और उसे समझाया था। इसके बाद सोमवार रात कथित रूप से उसे फोन कर बुलाया गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई और बाद में चाकू से हमला कर दिया गया।

परिवार का दावा है कि अस्पताल में अंतिम समय के दौरान संदीप ने बयान देते हुए हमलावर का नाम बताया था। परिजनों ने उसका वीडियो भी रिकॉर्ड किया है। वीडियो में संदीप एक युवती का नाम लेते हुए उसके भाई पर हमला करने का आरोप लगाता दिखाई दे रहा है।

परिजनों ने बताया कि संदीप और युवती के बीच हुई बातचीत के व्हाट्सएप चैट भी उनके पास मौजूद हैं। इसी आधार पर उन्होंने युवती और उसके परिवार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घटना के बाद अस्पताल में मातम का माहौल रहा। संदीप की मां का रो-रोकर बुरा हाल था। उन्होंने कहा कि संदीप उनका इकलौता बेटा था और उसे फोन करके बुलाया गया था। परिवार ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

वहीं, सिटी थाना प्रभारी बलराज सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवकों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद यह घटना हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।