त्‍योहारी सीजन से पहले अमूल का बड़ा तोहफा: 700+ प्रोडक्ट्स सस्ते, घी ₹40 लीटर तक घटा

त्योहारी सीजन में अमूल ने उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है। कंपनी ने GST कटौती का फायदा देते हुए 700 से अधिक उत्पादों की कीमतें घटाईं हैं। घी, मक्खन, पनीर, आइसक्रीम सस्ते हुए, दूध पाउच के दाम वही रहेंगे।

त्‍योहारी सीजन से पहले अमूल का बड़ा तोहफा: 700+ प्रोडक्ट्स सस्ते, घी ₹40 लीटर तक घटा

अमूल ने उपभोक्ताओं को GST कटौती का सीधा लाभ देने का ऐलान किया
700 से अधिक उत्पादों पर कीमतों में बड़ी राहत, घी, मक्खन, पनीर, आइसक्रीम शामिल
➤ नई दरें 22 सितंबर से लागू, दूध पाउच पर कोई बदलाव नहीं


 देशभर के उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। डेयरी सेक्टर की दिग्गज कंपनी अमूल (GCMMF) ने त्योहारी सीजन से पहले अपने 700 से अधिक पैक्ड डेयरी उत्पादों के दाम घटाने का ऐलान किया है। इसमें घी, मक्खन, पनीर, आइसक्रीम, चीज़, बेकरी आइटम्स और फ्रोज़न स्नैक्स जैसे लोकप्रिय प्रोडक्ट शामिल हैं।

कंपनी का कहना है कि यह फैसला GST दरों में हालिया कटौती के बाद लिया गया है। अमूल ने स्पष्ट किया कि टैक्स में हुई बचत का लाभ पूरी तरह से उपभोक्ताओं तक पहुँचाया जाएगा।

कितनी हुई कटौती?
जानकारी के मुताबिक, घी प्रति लीटर तकरीबन ₹40 सस्ता हो गया है। मक्खन (100 ग्राम) अब ₹62 की जगह ₹58 मिलेगा। पनीर (200 ग्राम) के दाम ₹99 से घटकर ₹95 हो गए हैं। वहीं, आइसक्रीम और बेकरी प्रोडक्ट्स में भी अच्छी-खासी राहत दी गई है।

हालांकि, कंपनी ने साफ किया कि पाउच दूध के दाम में कोई बदलाव नहीं होगा क्योंकि उस पर पहले से ही 0% GST लागू है।

कंपनी और उपभोक्ताओं को लाभ
अमूल प्रबंधन के मुताबिक, इस कदम से आम उपभोक्ताओं को सीधी राहत मिलेगी और उनकी थाली का खर्च कम होगा। वहीं, बढ़ी खपत से किसानों की आय पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा। कंपनी का मानना है कि यह फैसला त्योहारी सीजन में डेयरी उत्पादों की मांग को और बढ़ाएगा।नई दरें 22 सितंबर 2025 से देशभर की रिटेल दुकानों और सुपरमार्केट में लागू हो जाएंगी।