21 अगस्त से शुरू होगा हिमाचल विधानसभा का मानसून सत्र, 3 सितंबर तक 10 बैठकें
हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 21 अगस्त 2026 से शुरू होकर 3 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान कुल 10 बैठकें होंगी और 27 अगस्त को प्राइवेट मेंबर्स डे आयोजित किया जाएगा।
हिमाचल विधानसभा का मानसून सत्र 21 अगस्त से होगा शुरू
3 सितंबर तक कुल 10 बैठकें होंगी आयोजित
27 अगस्त रहेगा गैर-सरकारी सदस्य कार्य दिवस, विधायक भेज सकेंगे ऑनलाइन-ऑफलाइन प्रश्न
हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 21 अगस्त 2026 से शुरू होगा। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि चौदहवीं विधानसभा का 12वां सत्र 21 अगस्त को पूर्वाह्न 11 बजे शुरू होगा और 3 सितंबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान सदन की कुल 10 बैठकें आयोजित की जाएंगी।
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि राज्यपाल की स्वीकृति मिलने के बाद विधानसभा सचिवालय ने सत्र की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही सभी तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं।
22 अगस्त को भी चलेगी सदन की कार्यवाही
सत्र के कार्यक्रम के अनुसार 22 अगस्त (शनिवार) को भी सदन की बैठक आयोजित होगी। वहीं 28, 29 और 30 अगस्त को सदन की बैठक नहीं होगी। 28 अगस्त को रक्षाबंधन और 29 अगस्त को शनिवार होने के कारण अवकाश रहेगा, जबकि 30 अगस्त को भी बैठक निर्धारित नहीं की गई है।
27 अगस्त होगा प्राइवेट मेंबर्स डे
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि 27 अगस्त को गैर-सरकारी सदस्य कार्य दिवस (Private Members' Day) रखा गया है। इस दिन विधायक अपने निजी संकल्प और विधेयक सदन के समक्ष रख सकेंगे।
विधायक भेज सकेंगे प्रश्न
सत्र की अधिसूचना जारी होने के साथ ही सभी विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों पर ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से प्रश्न विधानसभा सचिवालय को भेज सकते हैं। इन प्रश्नों के आधार पर सरकार से जवाब मांगे जाएंगे और विभिन्न जनहित के मुद्दों पर चर्चा होगी।
pooja