सावधान! करोड़ों Android स्मार्टफोन पर बड़ा खतरा, अगर बचना है तो तुरंत करें यह काम...
मीडियाटेक प्रोसेसर में मिली सुरक्षा खामी के कारण दुनियाभर के करोड़ों एंड्रॉयड स्मार्टफोन हैकिंग के खतरे में हैं। कंपनी ने सिक्योरिटी पैच जारी कर यूजर्स को तुरंत फोन अपडेट करने की सलाह दी है।
■ दुनियाभर के करोड़ों एंड्रॉयड स्मार्टफोन पर हैकिंग का खतरा
■ मीडियाटेक प्रोसेसर में मिली सुरक्षा खामी से डेटा चोरी का जोखिम
■ सिक्योरिटी पैच जारी, यूजर्स को तुरंत फोन अपडेट करने की सलाह
अगर आप एंड्रॉयड स्मार्टफोन इस्तेमाल करते हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। दुनियाभर में करोड़ों स्मार्टफोन यूजर्स पर साइबर हमले का बड़ा खतरा मंडरा रहा है। दरअसल, रिसर्चर्स ने मीडियाटेक (MediaTek) के एंड्रॉयड चिपसेट में एक गंभीर सिक्योरिटी खामी का पता लगाया है, जिसकी मदद से हैकर्स यूजर्स का संवेदनशील डेटा चोरी कर सकते हैं। इस खामी के कारण मीडियाटेक प्रोसेसर से लैस करोड़ों एंड्रॉयड फोन अब संभावित रूप से साइबर अपराधियों के निशाने पर आ गए हैं।
तकनीकी विशेषज्ञों के अनुसार इस खामी के जरिए हैकर्स सिर्फ एक साधारण USB कनेक्शन के माध्यम से फोन के प्रोटेक्टेड डेटा को डिक्रिप्ट कर सकते हैं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि यह काम फोन बंद होने की स्थिति में भी संभव बताया गया है, जिससे सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
45 सेकंड में फोन की सिक्योरिटी बायपास
साइबर सिक्योरिटी कंपनी Ledger के चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर चार्ल्स गुइलेमेट के अनुसार इस खामी के कारण करोड़ों स्मार्टफोन यूजर्स जोखिम में आ सकते हैं। कंपनी के रिसर्चर्स ने इस कमजोरी का परीक्षण CMF Phone 1 पर किया, जिसमें MediaTek Dimensity 7300 चिपसेट लगा हुआ है।
रिसर्च के दौरान पाया गया कि विशेषज्ञों ने महज 45 सेकंड के भीतर फोन की सिक्योरिटी को बायपास करते हुए महत्वपूर्ण जानकारी तक पहुंच बना ली। इतना ही नहीं, उन्हें फोन की डिक्रिप्टेड स्टोरेज तक भी एक्सेस मिल गया, जबकि फोन उस समय बंद था।
मालवेयर इंस्टॉल किए बिना भी हो सकता है हमला
इस खामी की एक और गंभीर बात यह है कि इसका फायदा उठाने के लिए हमलावरों को फोन में मालवेयर इंस्टॉल करने की जरूरत भी नहीं पड़ती। हमलावर को सिर्फ कुछ सेकंड के लिए फोन को कंप्यूटर से कनेक्ट करना होता है, जिसके बाद वह पिन, पासवर्ड और अन्य संवेदनशील जानकारी हासिल कर सकता है।
हर चौथा एंड्रॉयड फोन हो सकता है प्रभावित
टेक इंडस्ट्री के जानकारों का अनुमान है कि दुनियाभर में लगभग 25 प्रतिशत एंड्रॉयड स्मार्टफोन में मीडियाटेक प्रोसेसर इस्तेमाल किए जाते हैं। इसका मतलब है कि लगभग हर चौथा एंड्रॉयड फोन यूजर इस सुरक्षा खामी से प्रभावित हो सकता है। यही कारण है कि इसे एंड्रॉयड यूजर्स के लिए बड़ा साइबर खतरा माना जा रहा है।
कंपनी ने जारी किया सिक्योरिटी पैच
अच्छी बात यह है कि मीडियाटेक कंपनी को इस खामी की जानकारी मिल चुकी है और इसके समाधान के लिए कंपनी ने सिक्योरिटी पैच जारी कर दिया है। कंपनी ने सभी स्मार्टफोन यूजर्स को सलाह दी है कि वे तुरंत अपने फोन का सॉफ्टवेयर अपडेट करें, ताकि इस खामी का फायदा उठाकर कोई भी हैकर उनके डेटा तक पहुंच न बना सके।
तकनीकी विशेषज्ञों का कहना है कि स्मार्टफोन यूजर्स को नियमित रूप से सिस्टम अपडेट इंस्टॉल करना, अनजान डिवाइस से फोन कनेक्ट न करना और डेटा सुरक्षा के प्रति सतर्क रहना बेहद जरूरी है।
Akhil Mahajan