विज बोले- कॉकरोच को बच्चा भी चप्पल से कुचल दे: CJP पर कसा तंज, नाम बदलने की दी सलाह
अंबाला में हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) पर तीखा तंज कसते हुए नाम बदलने की सलाह दी। कांग्रेस को भी ‘छपास रोग’ से ग्रस्त बताया।
➤ CJP को नाम बदलने की सलाह
➤ कांग्रेस को बताया ‘छपास रोग’ से ग्रस्त
➤ दीपेंद्र हुड्डा की हिरासत पर भी दिया जवाब
अंबाला। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि किसी भी संगठन का नाम ऐसा होना चाहिए जो समाज को सकारात्मक संदेश दे। उन्होंने कहा कि कॉकरोच एक बेहद गंदा कीड़ा होता है, जिसे देखकर छोटा बच्चा भी चप्पल से कुचल देता है, इसलिए CJP को अपने नाम पर दोबारा विचार करना चाहिए।
अंबाला में मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री अनिल विज ने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति और संगठन को अपनी बात रखने तथा संघर्ष करने का पूरा अधिकार है, लेकिन संगठन का नाम ऐसा होना चाहिए जो लोगों में सकारात्मक सोच पैदा करे। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को अपना नाम बदलने पर विचार करना चाहिए।
विधानसभा सत्र को लेकर नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा उठाए गए सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए विज ने कहा कि कांग्रेस खुद सदन में चर्चा से बचती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कई नेता सदन में उपस्थित नहीं रहते और जब सरकार जवाब देने लगती है तो वॉकआउट कर जाते हैं। ऐसे में कांग्रेस का विधानसभा सत्र को लेकर सवाल उठाना उचित नहीं है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए विज ने कहा कि पार्टी के पास अब जनहित से जुड़े मुद्दे नहीं बचे हैं। उन्होंने कांग्रेस को ‘छपास रोग’ से ग्रस्त बताते हुए कहा कि पार्टी सिर्फ अखबारों और मीडिया में बने रहने के लिए बयानबाजी करती है। विज ने कहा कि कांग्रेस को बस अपना नाम छपवाने की चिंता है, चाहे सकारात्मक रूप से छपे या नकारात्मक रूप से।
कुरुक्षेत्र में प्रदर्शन के दौरान सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा को हिरासत में लिए जाने से जुड़े सवाल पर भी विज ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना संबंधित एजेंसियों का कार्य है और सरकार की प्राथमिकता प्रदेश में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और कांग्रेस के अपने कार्यों के कारण ही हरियाणा की जनता बार-बार भाजपा को सरकार चलाने का अवसर दे रही है।
CJP बनने की कहानी
कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत मई 2026 में हुई थी। पार्टी की स्थापना अभिजीत दीपके ने की थी। यह संगठन सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आया और कुछ ही दिनों में इसके लाखों फॉलोअर्स हो गए। पार्टी खुद को उन लोगों की आवाज बताती है जिन्हें व्यवस्था में पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिला।
पार्टी की वेबसाइट पर खुद को बेरोजगारों, युवाओं और व्यवस्था से निराश लोगों का मंच बताया गया है। इसका नारा “Secular, Socialist, Democratic, Lazy” रखा गया है। पार्टी ने सदस्यता के लिए कुछ अनोखी शर्तें भी तय की हैं, जिनमें बेरोजगार होना और सोशल मीडिया पर सक्रिय रहना शामिल है।
Akhil Mahajan