प्रेमी, मां और भाई के साथ मिलकर पत्नी ने की थी हत्या, जांच में खुलासा
अरडाना गांव में कर्मवीर हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। पत्नी ने प्रेमी, मां और भाई संग मिलकर चादर से गला घोंटकर हत्या की थी।
➤ करीब एक साल पुराने हत्या मामले से उठा पर्दा
➤ पत्नी ने प्रेमी, मां और भाई संग रची थी साजिश
➤ सीआईए असंध की जांच में चादर से गला घोंटकर हत्या का खुलासा
अरडाना गांव में हुए कर्मवीर हत्याकांड मामले में सीआईए असंध को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए मृतक की पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला करीब एक साल पुराना है, जब गांव अरडाना में करमवीर नामक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी।
शुरुआत में मृतक की पत्नी ने बीमारी से मौत का दावा कर मामला दबाने की कोशिश की थी। हालांकि, परिजनों को परिस्थितियों पर संदेह हुआ। इसके बाद 6 नवंबर को पुलिस में मामला दर्ज कराया गया, जिसके बाद जांच तेज की गई।
डीएसपी गोरखपाल राणा ने प्रेस वार्ता में खुलासा करते हुए बताया कि कर्मवीर की हत्या पूरी तरह से पूर्व नियोजित साजिश के तहत की गई थी। इस साजिश में मृतक की पत्नी पूनम, उसका प्रेमी, उसकी मां और उसका भाई शामिल थे। चारों ने मिलकर योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस जांच में मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों की गहनता से पड़ताल की गई। जांच में सामने आया कि कर्मवीर की पत्नी पूनम, उसका भाई मोहित और प्रेमी प्रदीप ने मिलकर चादर से गला घोंटकर उसकी हत्या की थी।
डीएसपी के अनुसार तीन आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं। चौथा आरोपी, जो पत्नी का भाई है, किसी अन्य मामले में जेल में बंद है, जिसे रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस अन्य पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है। सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और उन्हें जल्द अदालत में पेश किया जाएगा।
Author1